सालभर के कामकाज पर आज मिंटो हॉल में मंथन करेगी मप्र सरकार मोहन यादव सरकार अपनी एक साल की सफलताओं और नाकामियों पर गुरुवार को दिनभर मंथन करेगी। इसके साथ ही वर्ष 2025 के लिए अपने कामकाज के फ्यूचर प्लान पर विचार करेगी। कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में सीएम डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में यह मंथन बैठक होगी। इसमें राज्य सरकार का पूरा मंत्रिमंडल, मुख्य सचिव समेत सभी विभागों के एसीएस, प्रमुख सचिव, सचिव और विभाग प्रमुख अधिकारी भी शामिल होंगे। इस बैठक से पहले सुबह 10 बजे प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक मंत्रालय में होगी। मौजूदा साल की इस आखिरी कैबिनेट में सरकार कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दे सकती है। इसमें कई विभागों में भर्तियों की मंजूरी समेत कुछ नए पदों को मंजूरी देने से जुड़े प्रस्ताव भी हो सकते हैं। पहले यह कैबिनेट बैठक और मंथन कार्यक्रम पचमढ़ी में होना प्रस्तावित था। लेकिन छुट्टियों के मौसम में पचमढ़ी में पर्यटकों की भारी तादाद के कारण बैठक स्थल बदलकर मंत्रालय और कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर किया गया है। कैबिनेट बैठक के बाद होने वाली मंथन बैठक करीब 11:30 से 12 बजे के बीच शुरू हो जाएगी। इसमें अलग-अलग सत्रों में सभी विभागों के आला अधिकारी विभागीय कामकाज का सालभर का ब्यौरा और अगले साल के लक्ष्यों पर प्रजेंटेशन देंगे। इस मंथन बैठक में मुख्य रूप से राज्य सरकार द्वारा 1 जनवरी से शुरू किए जाने वाले चार नए मिशन की रूपरेखा पर चर्चा होना है। नारी कल्याण, युवा कल्याण, किसान कल्याण और गरीब कल्याण नाम से यह मिशन शुरू किए जाने हैं। अगले चार साल तक सरकार का फोकस इन्हीं चार केटेगरी पर सर्वाधिक होगा।


