स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी:पहले पोस्टर-बैनर से छुपाते थे नाले, अब खूबसूरती बढ़ाने स्थायी स्ट्रक्चर, 50 जगह बैठक व्यवस्था और लाइटिंग

शहर में पहली बार स्थायी ब्यूटीफिकेशन किया जा रहा है। इसके तहत नगर निगम ने शहर के प्रमुख रास्तों पर आ रहे नालों को चिह्नित किया है। इन नालों के मुहानों और पुलिया के पास वाले हिस्सों पर लोहे के पाइप वाले फ्रेम और इन फ्रेम पर मेटल की अलग-अलग डिजाइन वाली शीट लगाई जा रही हैं। इन्हें आकर्षक रंगों से संवारा जाएगा। यह पूरी कवायद स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों के तहत की जा रही है। दरअसल, अब तक हर साल इन नालों को कवर करने के लिए नगर निगम की ओर से लोहे के फ्रेम पर बड़े आकार के बैनर और पोस्टर लगाए जाते थे। यह कवायद स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए आने वाली टीमों को दिखाने के लिए की जाती थी। बैनर और पोस्टर महीने-दो महीने में फट जाते थे। ऐसे में बाकी के दिनों में फटे बैनर और खाली फ्रेम शहर की खूबसूरती में बदनुमा दाग की तरह नजर आते थे। लेकिन, इस बार स्थायी काम किया जा रहा है। लोहे के फ्रेम और मेटल की शीट पर किया गया रंग लंबे समय तक चलेगा। पुलिया की पुताई होगी, चेयर भी लगाएंगे ऐसे स्थान, जिनके आसपास आबादी या लोगों का आवागमन ज्यादा है, वहां उपलब्ध स्थान के मुताबिक बैठक व्यवस्था भी बनाई जाएगी। पुलिया की पुताई होगी, आसपास ब्लॉक लगाकर वहां चेयर लगाई जाएंगी। जरूरत के मुताबिक इन स्थानों पर लाइटिंग भी कराई जाएगी।
जनवरी के पहले सप्ताह में आएगी टीम ^ स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 का सर्वे करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से टीम जनवरी के पहले सप्ताह में आएगी। सामान्यत: स्वच्छ सर्वेक्षण का काम दिसंबर में होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से तैयारी की जा रही है। कुछ स्थानों पर लोहे के स्थायी फ्रेम लगाकर उन पर मेटल की शीट लगाई जा रही हैं। इसकी शुरुआत कर दी गई है। यह स्थायी स्ट्रक्चर होंगे जो शहर की खूबसूरती को और बढ़ाएंगे।
-हरेंद्र नारायण, कमिश्नर, नगर निगम

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *