रामगढ़ के भदानीनगर रेलवे साइडिंग में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से दो पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद की गई है। घटना 13 जून की सुबह 8 बजे की है। दो बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने भुरकुंडा रेलवे साइडिंग में रंगदारी और दहशत फैलाने के लिए गोलियां चलाई थीं। मामले की जांच के लिए एसपी अजय कुमार ने पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया। इनामुल बाइक चला रहा था, सुजीत ने की थी फायरिंग टीम ने सबसे पहले शूटर सुजीत डोम को उसके घर रिवर साइड बुध बाजार, भुरकुंडा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अन्य आरोपियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने सुजीत राम, इनामुल अंसारी, मजहर अंसारी, आजाद अंसारी, कुणाल कुमार उर्फ बादल सिंह और बंसत मुंडा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपी संगठित अपराध से जुड़े हैं। ये दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलते हैं। घटना के दिन इनामुल अंसारी बाइक चला रहा था। उसके पीछे सुजीत डोम बैठा था। रेलवे साइडिंग पहुंचकर सुजीत ने फायरिंग की थी। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


