युवा संगम जिला स्तरीय रोजगार और स्वरोजगार मेले का आयोजन गुना में आज गुरुवार को किया जाएगा। रोजगार मेले में विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही हितलाभ वितरण भी किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी बीएस मीणा ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग एवं कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के निर्देशन और कलेक्टर डॉ सतेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में प्रत्येक माह युवा संगम अन्तर्गत रोजगार एवं स्वरोजगार मेलों का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में उच्च शिक्षा विभाग/राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग एवं कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के समन्वय से मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान अन्तर्गत आज सर्किट हाउस में जिला स्तरीय रोजगार एवं स्वरोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इन कंपनियों में लग सकती है नौकरी
इसमें प्रदेश की विभिन्न कंपनियां जैसे चेकमेट सिक्योरिटी सर्विस गुजरात, एलटी कंस्ट्रक्शन गुना, IEESA गुना, पुखराज हेल्थ केयर, गोल्डन फार्मर ऑर्गेनिक सागर, बालाजी अलीज़, शिव शक्ति बायोटेक, बालाजी वेफरस, स्टार हेल्थ केयर, एसबीआई लाइफ, भारतीय जीवन बीमा गुना द्वारा मेला स्थल पर साक्षात्कार के माध्यम से निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। आपके पास ये योग्यता होनी चाहिए
उन्होंने बताया कि ऐसे बेरोजगार जिनकी योग्यता 8वीं /10वीं /12वीं/स्नातक एवं आईटीआई है और 18 से 35 वर्ष की आयु वर्ग के हैं वे भाग ले सकते है। शिविर में विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित विभाग द्वारा अलग अलग स्वरोजगार योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही स्वरोजगार एवं हितग्राही मूलक योजना- मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, ग्रामीण मिशन, शहरी आजीविका मिशन मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग स्वरोजगार योजना, डॉ भीमराव अंबेडकर स्वरोजगार, संत रविदास आर्थिक कल्याण योजना, बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, टांट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना योजना, मुद्रा योजना आदि के पात्र हितग्राहियों को भी हितलाभ वितरण किया जाएगा। इच्छुक आवेदक युवा संगम अंतर्गत रोजगार एवं स्वरोजगार मेले में भाग लेने के लिए गूगल लिंक https://forms.gle/4qJq8dUxjGKhVR8LA पर आवेदन कर सकते हैं।


