भास्कर न्यूज | अमृतसर एक ओर पंजाब सरकार नशे और ड्रग मनी के मामलों में बड़े मगरमच्छों की गिरफ्तारी कर रही है और दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा इसका विरोध कर रही है। इस संबंध में एनआरआई मामलों के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि पहले विपक्षी पार्टियां राज्य सरकार से बड़े मगरमच्छों की गिरफ्तारी करने की मांग करती थी और अब इसका विरोध कर रही है। जिससे उनका नैतिक और राजनैतिक चरित्र लोगों के सामने आ रहा है। केबिनेट मंत्री ने कहा कि सीएम भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार की ओर से पहली मार्च से शुरू किए गए ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत अब तक 19 हजार से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और अरबों रुपए की नशीली वस्तुएं जब्त की गई हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान लगभग डेढ़ सौ नशा तस्करों की अवैध संपत्ति पर बुल्डोजर चलाया गया है ।


