भास्कर न्यूज | अमृतसर/जंडियाला गुरु जंडियाला गुरु में शुक्रवार को एक बीसी प्वाइंट ऑपरेटर और उसके स्टाफ पर तीन युवकों ने उस समय हमला कर दिया, जब उन्होंने जी-पे से नकदी निकालने की मांग ठुकरा दी। घटना के दौरान दुकान में मौजूद कर्मचारी को दातर से वार कर घायल किया गया, जबकि महिला स्टाफ को भी पीटा गया। हमलावरों को रोकने के लिए दुकानदार को लाइसेंसी रिवॉल्वर से हवाई फायर करना पड़ा, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। जानकारी के अनुसार हरजीवन सिंह (53) निवासी पटेल नगर, जो बैंक ऑफ बड़ौदा का बीसी प्वाइंट चलाते हैं, ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह सुबह 10 बजे अपने स्टाफ अमनदीप सिंह के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान जशनप्रीत सिंह निवासी पटेल नगर दुकान पर पहुंचा और जी-पे से पैसे निकलवाने की मांग की। हरजीवन ने कहा कि वह जी-पे ट्रांजैक्शन नहीं करता, इसलिए एटीएम की सुविधा का इस्तेमाल करें। हरजीवन सिंह के अनुसार, इस बात से नाराज होकर जशनप्रीत ने कहा तू पैसे देने से मना कैसे कर सकता है, 5 मिनट रुक, तुझसे तेरे हाथों से पैसे निकलवाऊंगा। इतना कहकर वह चला गया और थोड़ी देर बाद अपने दो साथियों विजय कुमार उर्फ मठी और एक अन्य के साथ स्कूटी पर दुकान पर लौटा। तीनों सीधे दुकान के अंदर दाखिल हुए और लड़ाई शुरू कर दी। जैसे ही कर्मचारी अमनदीप सिंह ने बचाव किया, जशनप्रीत ने उस पर दातार से वार कर दिया। बचाव में अमनदीप ने अपना बायां हाथ आगे किया, जिससे वार उसकी कलाई पर लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान विजय कुमार ने हरजीवन पर किरपान से हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह पीछे हट गए। घटना के समय दुकान में मौजूद नीतू उर्फ सीरत निवासी तरनतारन बाइपास ने हमलावरों को रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे और अमनदीप दोनों को पकड़कर सड़क तक घसीटा और पेट में लात मारकर पीटा। हरजीवन ने बताया कि हालात बेकाबू देखकर उन्होंने लाइसेंसी रिवॉल्वर से हवा में फायर कर दिया, जिसके बाद तीनों आरोपी स्कूटी पर सवार होकर तरनतारन की ओर भाग गए। हरजीवन सिंह और अमनदीप सिंह ने पुलिस चौकी टाउन, जंडियाला गुरु पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। इस मौके पर एसएचओ हरचंद सिंह ने बताया कि जंडियाला पुलिस ने दोनों आरोपियों जशनप्रीत और विजय कुमार मिट्टी के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


