भास्कर न्यूज | राजनांदगांव सर्वर डाउन होने के कारण जमीन की रजिस्ट्री में समय लग रहा है। नामांतरण नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। रजिस्ट्री के नियमों में 10 बड़े बदलाव किए गए हैं। नया सिस्टम लॉन्च होने के बाद सॉफ्टवेयर और सर्वर की समस्या से क्रेता-विक्रेताओं को जूझना पड़ रहा। वह टोकन जारी होने के बाद पंजीयक कार्यालय तो पहुंचे लेकिन वहां सुबह से शाम तक रजिस्ट्री नहीं हो पाती। सोमवार से सर्वर की समस्या शुरू हुई है जो अब तक खत्म नहीं हुई। लोग रजिस्ट्री कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं। यह समस्या चार दिनों तक सामने आ रही है। शुक्रवार का टोकन जारी होने पर बड़ी संख्या में क्रेता-विक्रेता उसी तिथि और समय में जमीन की रजिस्ट्री कराने जिला पंजीयक कार्यालय पहुंचे। लेकिन सुबह 10 बजे से पहुंचे लोगों की रजिस्ट्री दोपहर तक हुई। वहीं दोपहर को पहुंचे लोगों की रजिस्ट्री देर शाम तक हो सकी। सर्वर का इंतजार करते बड़ी संख्या में लोग भूखे-प्यासे पंजीयक कार्यालय में अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। खासकर ग्रामीण इलाकों से पहुंचे क्रेता-विक्रेताओं को शाम तक वहां रुकना पड़ा। लोगों को अगले दिन आने सलाह दे रहे हैं। वकीलों और ब्रोकर्स ने नए सिस्टम पर जताया आक्रोश: शुक्रवार को ज्यादातर समय सर्वर बंद और स्लो होने से रजिस्ट्री में विलंब हुआ। सर्वर आने पर क्रेता-विक्रेताओं को बुलाया जाता। ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होते ही सर्वर फिर स्लो हो रहा था। लेकिन प्रक्रियाधीन होने के कारण क्रेता-विक्रेता, वकील और ब्रोकर्स को सर्वर का इंतजार करना पड़ा। क्रेता-विक्रेता वकीलों और ब्रोकर्स के माध्यम से दस्तावेज तैयार कर रजिस्ट्री कराने पहुंचे थे। सर्वर स्लो होने से वकील और ब्रोकर्स का काम प्रभावित है। उच्च कार्यालय को इसकी जानकारी दी ^प्रदेशभर में सर्वर डाउन की समस्या है। इसमें हम कुछ नहीं कर सकते। सर्वर में सुधार के लिए उच्च कार्यालय को अवगत कराया गया है। सर्वर ठीक होने पर समस्या नहीं होगी। आम दिनों में 50 रजिस्ट्री होती है, सर्वर स्लो होने के कारण अभी 25 रजिस्ट्रियां की जा रही, स्टाफ रात 8 बजे तक काम कर रहा है। ताकि लोगों को राहत मिल सके। -सोनाली बोर्डे, जिला पंजीयक राजनांदगांव आधार लिंक होने से बायोमेट्रिक के माध्यम से पक्षकार की पहचान आधार डेटा बेस से की जाएगी। इसमें समस्या आ रही है। ऑनलाइन सर्च और डाउनलोड की सुविधा, भारमुक्त प्रमाण पत्र, एकीकृत कैशलेश भुगतान की सुविधा वाट्सएप मैसेज सर्विस, डिजी लॉकर, ऑटो डीड जनरेशन की सुविधा, डिजी-डाक्यूमेंट घर बैठे रजिस्ट्री और खुद से नामांतरण की सुविधा का दावा तो किया जा रहा है। नए सॉफ्टवेयर और सर्वर डाउन की समस्या होने से क्रेता-विक्रेता परेशान है।


