भास्कर न्यूज | गीदम गीदम विकासखंड में 27 जून को कन्या माध्यमिक शाला गीदम के परिसर में शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव सह न्योता भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत गीदम अध्यक्ष शकुंतला भास्कर ने की। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पालकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं व नगरवासी, ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन व वंदना के साथ हुई। इसके बाद नवप्रवेशी बच्चों का तिलक, पुष्प वर्षा व मिठाई खिलाकर उत्सवपूर्वक स्वागत किया गया। उन्हें स्कूल बैग, किताबें, स्टेशनरी, कंपास बॉक्स जैसी आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी भेंट की गई। विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है। यह उत्सव केवल स्कूल में प्रवेश का नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत का प्रतीक है। शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से हम समाज को यह संदेश दे रहे हैं कि हर बच्चा स्कूल जाए और पढ़-लिखकर देश के निर्माण में भागीदार बने। उन्होंने बालिका शिक्षा, स्थानीय भाषा में शिक्षण और आदिवासी अंचल में शिक्षा की पहुंच बढ़ाने की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से उल्लास साक्षरता की शपथ ली। शपथ में यह संकल्प लिया गया कि वे न केवल स्वयं साक्षर बनेंगे, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी साक्षर बनाने में योगदान देंगे। इस पहल का उद्देश्य शत-प्रतिशत साक्षरता की दिशा में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता द्वारा सामूहिक न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, पालक और बच्चे एक साथ पंगत में बैठकर भोजन किए।


