भास्कर न्यूज | दुमका सरैयाहाट थाना को शुक्रवार को नया और आधुनिक भवन मिल गया। पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने इसका उद्घाटन किया। नया थाना भवन दो मंजिला है। इसमें सभी जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं। पुलिसकर्मियों और आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर भवन तैयार किया गया है। पहले थाना एक पुराने और जर्जर भवन में चल रहा था। पुलिसकर्मियों को बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझना पड़ता था। अब नए भवन में अलग-अलग विश्राम कक्ष, रिकॉर्ड रूम, बैठक कक्ष, शिकायत कक्ष और कैदी कक्ष बनाए गए हैं। शौचालय और पीने के पानी की भी व्यवस्था है। आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी उपकरण भी मौजूद हैं। विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि अब सरैयाहाट थाना में बेहतर पुलिसिंग की शुरुआत होगी। पहले संसाधनों की कमी से पुलिस को दिक्कत होती थी। अब सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें। कहा कि सड़क हादसों में सबसे ज्यादा मौतें बिना हेलमेट वालों की होती हैं। हेलमेट पहनने से जान बचाई जा सकती है।


