भास्कर न्यूज | लातेहार मनिका प्रखंड के 40 एकल स्कूलों के सर्वे के आधार पर शुक्रवार को जनसुनवाई की गई। इस दौरान यह बात सामने आई की सरकारी स्कूलों की हालत बेहद खराब है। खासकर उन इलाकों में जहां एससी/एसटी समुदाय के बच्चे पढ़ते हैं। जनसुनवाई में ग्रामीणों ने कहा कि सरकारी स्कूलों में बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। अमवाटिकर की सलमानी देवी ने कहा कि स्कूल में मिड-डे मील देने के बाद स्कूल बंद कर दिया जाता है। पूछने पर अधिकारी कहते हैं कि गांव के बच्चे क्या पढ़ेंगे। जमुना की चिंता देवी ने कहा कि उनके स्कूल में दो शिक्षक हैं। एक हमेशा गायब रहते हैं। दूसरा सिर्फ दफ्तर का काम करते हैं।


