भास्कर न्यूज | बालोद संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में क्रेडा और परिवहन विभाग की योजनाओं की समीक्षा कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने की। बैठक में क्रेडा विभाग के जिला प्रभारी प्रदीप माहेश्वरी ने जिले में चल रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में सौर सुजला योजना, जल जीवन मिशन के तहत सोलर ड्यूल पंप, सोलर हाईमास्ट लाइट, स्वास्थ्य केंद्रों में सोलर पावर प्लांट, सोलर जलशुद्धिकरण संयंत्र, सोलर स्ट्रीट लाइट और गांव गंगा तालाब भराई योजना संचालित हैं। जिले में 9 सर्विस प्रोवाइडर कार्यरत हैं। उनके कार्यों का ब्यौरा भी बैठक में प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर ने सभी योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने मेंटेनेंस कार्य को तेजी से करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा पर्यावरण के अनुकूल है। इससे बिजली की उपलब्धता बढ़ती है और आत्मनिर्भरता को बल मिलता है। उन्होंने सौर ऊर्जा योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और लोगों को जागरूक करने की बात कही। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं ऊर्जा संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करती हैं। योजनाओं की निगरानी और रखरखाव के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को बसों का नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा और सेवाओं की गुणवत्ता निश्चित करने पर जोर दिया।


