किसानों को आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता : उपायुक्त

भास्कर न्यूज | सरायकेला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कृषि विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा हुई। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, जैविक खेती प्रोत्साहन योजना व किसान क्रेडिट कार्ड योजना सहित अन्य लाभकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी पात्र किसानों को समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसके सशक्तीकरण के लिए योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीसीओ, बीएओ, किसान मित्र, एटीएम, बीटीएम, लैंपस सदस्य, एफपीओ व जेएसएलपीएस के सीएलएफ और मार्केटिंग मैनेजर आपसी समन्वय स्थापित करते हुए ग्राम स्तर पर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें, ताकि किसान उपजाऊ और लाभकारी खेती की ओर अग्रसर हो सकें। उपायुक्त ने किसानों को उन्नत बीज, कृषि यंत्र, उर्वरक, कीटनाशक आदि अनुदानित दर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को उनके खेत की मिट्टी की गुणवत्ता के आधार पर उन्नत फसलों के चयन हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया जाए, जिससे उत्पादन क्षमता और आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही उन्होंने किसानों को नैनो यूरिया व नैनो डीएपी के प्रयोग से होने वाले लाभ की जानकारी देकर उन्हें वैज्ञानिक तरीके से खेती करने हेतु प्रेरित करने पर भी बल दिया। समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जलवायु अनुकूल खेती, जैविक खेती व मिट्टी परीक्षण से संबंधित जानकारियों को लेकर प्रत्येक पंचायत में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि किसानों में आधुनिक व टिकाऊ कृषि प्रणाली के प्रति रुचि विकसित हो सके। बैठक के अंत में उपायुक्त ने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे किसान तक पहुंचे, इसके लिए जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी व जबावदेही सुनिश्चित करें। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जेएसएलपीएस के जिला परियोजना प्रबंधक, सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, तकनीकी प्रबंधक व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *