जालंधर| डेरा यादगार बीबा निरंजन कौर मोहल्ला बशीरपुरा में संत बीबा निरंजन कौर की याद में वार्षिक गुरमत समागम और कीर्तन दरबार आज यानी 29 जून को होगा। इस संबंध में संत बाबा रणजीत सिंह और संत बाबा जसविंदर सिंह ने बताया कि समागम में श्री अखंड पाठ साहिब की शृंखला 23 जून से आरंभ की गई थी। शुक्रवार सुबह अंतिम श्री अखंड पाठ साहिब की शृंखला की शुरुआत की गई है। समागम में बीबी बलजिंदर कौर खडूर साहिब वालों ने और रात को सजाए गए दीवान में भाई हरजिंदर सिंह खालसा ने गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल किया। संत बाबा जसविंदर सिंह ने संगत को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में धारण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि 29 जून को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले जाएंगे और श्री अखंड पाठ साहिब की शृंखला को विराम दिया जाएगा। समागम में स्वामी शांतानंद गोपाल नगर वाले, संत जगजीत सिंह शास्त्री हरिद्वार वाले, संत मोहन सिंह हरिद्वार वाले, भाई सतिंदरपाल सिंह अखंड कीर्तनी जत्था लुधियाना वाले, भाई गुरविंदर सिंह लुधियाना वाले, भाई सुरिंदर सिंह मनी बीबी कौलां भलाई केंद्र श्री अमृतसर साहिब वाले, भाई शनबीर सिंह, भाई अजमेर सिंह, भाई भगवान सिंह जौहल, ज्ञानी गुरमीत सिंह गुरबाणी के मनोहर कीर्तन और गुरमत विचारों से अपनी हाजिरी लगाएंगे। जल की सेवा भाई कन्हैया जी सेवक दल और जूते संभालने की सेवा गुरमुख सेवक दल की ओर से की जाएगी।


