गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड स्थित नवडीहा ओपी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार सुबह दमगी उसरी नदी पुल के नीचे एक 10 वर्षीय बच्चे का शव जमीन में गाड़ा हुआ मिला। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर भारी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। जानवरों के मंडराने पर हुआ शक बताया जा रहा है कि सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए नदी की ओर गए थे। उसी दौरान उन्होंने पुल के नीचे रखे बड़े-बड़े पत्थरों के पास कुछ जानवरों को मंडराते हुए देखा। पास ही से तेज दुर्गंध भी आ रही थी। जब लोगों ने वहां जाकर देखा तो शक हुआ कि वहां कुछ गड़बड़ी है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने हो-हल्ला किया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही नवडीहा ओपी प्रभारी दीपक कुमार और जमुआ थाना प्रभारी मणिकांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने खुदाई कर शव को जमीन से बाहर निकाला। शव को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि मृत बच्चा करीब 10 वर्ष का है। हालांकि, उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। बच्चे की पहचान की हो रही कोशिश घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है। बच्चे की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल बच्चे की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। साथ ही आसपास के थानों से लापता बच्चों की सूचना भी मंगवाई जा रही है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है।


