बोकारो के इस्पात फैक्ट्री में हादसा:ब्लास्ट फर्नेस से हुआ लीकेज; दो मजदूर झुलसे, एक की हालत नाजुक

बोकारो जिले के बालीडीह औद्योगिक क्षेत्र स्थित शिव प्रिया इस्पात उद्योग में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस से लगातार पांच बार तेज आवाज निकलने के बाद उसमें अचानक लीकेज हो गया। इससे काम कर रहे दो मजदूर लखन टुडू और अखिल कुमार बुरी तरह झुलस गए। लखन की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद दोनों मजदूरों को पहले कृष्णा नर्सिंग होम ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर नहीं मिले। इसके बाद उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार लखन टुडू को गंभीर रूप से जलने के कारण आइसीयू में रखा गया है। फर्नेस में काम कर रहे थे करीब 10 मजदूर काम जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त फर्नेस में करीब 10 मजदूर काम कर रहे थे। हालांकि ऊपर के हिस्से में काम कर रहे मजदूर सुरक्षित रहे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फर्नेस की नियमित जांच नहीं की जा रही थी। मजदूर संगठनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन ने फैक्ट्री का मुख्य गेट बंद कर दिया। कुछ देर बाद गेट खोला गया। घटना के समय मौजूद सुपरवाइजर ने बताया कि फर्नेस फटा नहीं था, बल्कि नीचे से लीक हुआ था। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि हादसे के बाद पुलिस को समय पर सूचना नहीं दी गई। दोषियों के खिलाफ हो कार्रवाई इधर, घटना की जानकारी मिलते ही झामुमो नेता मंटू यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे की कड़ी निंदा की और कहा कि यह मजदूरों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में न तो सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं और न ही मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कोई गंभीरता है। मंटू यादव ने बताया कि न तो लेबर कोर्ट को और न ही स्थानीय पुलिस को इस हादसे की सूचना दी गई थी। उन्होंने बालीडीह थाना को इसकी जानकारी दी। उन्होंने मांग की कि दोषी फैक्ट्री प्रबंधन पर कार्रवाई हो और मजदूरों की सुरक्षा के लिए सख्त उपाय किए जाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *