धौलपुर के दिहौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बाहरी का पूरा गांव में एक ही परिवार के दो पक्षों की बीच मामूली विवाद को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों के बीच हुई झगड़े के बाद एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के साथ लाठी डंडों और सरिया से हमला कर दिया। जिसमें एक पक्ष के तीन भाइयों सहित चार लोग घायल हो गए। तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल पर घायल कराए गए युवक नीरज शर्मा (24) पुत्र जगदीश ने बताया कि गांव में उन्होंने जानवरों से खेत को बचाने के लिए बिजली के झटके देने वाली तारबंदी की थी। जिस तारबंदी की वजह से परिवार की एक बुजुर्ग महिला को बिजली का झटका लग गया। बुजुर्ग महिला को झटका लगने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ झगड़ा कर दिया। जिस झगड़े के बाद दूसरे पक्ष के सतीश, बनवारी, पंकज, दुर्गेश, अंकित और आशीष सहित एक दर्जन से अधिक लोग लाठी, डंडे और फरसे लेकर उनके घर में घुस गए। जहां दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। जिस मारपीट में नीरज के साथ उसके भाई हरेंद्र, रामनरेश और भतीजा सचिन घायल हो गया। मारपीट में घायल हुए 3 लोगों को परिजनों की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में तीनों घायलों का ट्रॉमा वार्ड में इलाज किया जा रहा है। घटना को लेकर पुलिस को सूचना दी गई। जिस पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


