धौलपुर जिले में लगातार चौथे दिन भी सूर्य देव ने दर्शन नहीं दिए। पिछले 4 दिन से गलन भरी सर्दी में लोगों को बेहाल कर दिया है। सर्दी की वजह से सुबह 9 बजे तक सड़कें सूनी नजर आई। बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से जिले में शीतलहर का दौर लगातार जारी हैं। दिन भर शीत लहर के चलने से लोग ज्यादातर घरों में ही छिपे हुए नजर आए। गुरुवार सुबह भी शीत लहर का दौर जारी रहा। जिस वजह से बाजार भी सुबह 9 बजे तक नहीं खुले। बादलों की वजह से सूर्य देव भी अपनी चमक नहीं बिखेर रहे हैं। जिससे लोगों को गलन भरी सर्दी का एहसास हो रहा हैं। सोमवार से जिले में बादल छाए हुए हैं लेकिन अभी तक बारिश नहीं हुई। बारिश का किसानों को लंबे समय से इंतजार हैं। किसानों के मुताबिक बारिश से होने वाली मावठ से रबी की फसलों को फायदा पहुंचेगा। मौसम विभाग की माने तो अगले दो से तीन दिनों में पूर्वी राजस्थान में बारिश के आसार बन रहे हैं। जिसको लेकर अलर्ट जारी किया गया हैं। वहीं, डॉक्टरों ने सांस और दिल के मरीजों को सर्दी से बचने की सलाह दी है।


