भास्कर न्यूज| जांजगीर जिले में 12 जून से 26 जून 2025 तक नशा मुक्ति पखवाड़ा मनाया गया। सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। विश्व नशा मुक्ति दिवस पर पुलिस ने 2 करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर, गांजा, कोडीन सिरप और टेबलेट को कोटाडबरी चांपा स्थित पीआईएल प्लांट की भट्टी में जलाकर नष्ट किया। पखवाड़े के दौरान जिले के विभिन्न इलाकों से 83 लीटर अवैध कच्ची महुआ और देशी प्लेन शराब जब्त की गई। 18 मामलों में 19 शराब तस्करों को जेल भेजा गया। कोटपा अधिनियम के तहत 62 हजार रुपये की बीड़ी, सिगरेट, गुटखा और तंबाकू जब्त किए गए। कुल 78 मामलों में कार्रवाई की गई। जिले के कई स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणाम बताए गए। स्कूल-कॉलेजों के पास के पान ठेलों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक पामगढ़ के ग्राम सेवई में जनजागरूकता कार्यक्रम में शामिल हुए। लोगों को मानस पोर्टल और टोल फ्री नंबर 1933 की जानकारी दी गई। जांजगीर मुख्यालय में सद्भावना दौड़ में शामिल होकर युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की गई। “जो फिट है, वो हिट है” का नारा देकर युवाओं का मनोबल बढ़ाया गया। पखवाड़े भर में करीब 3 हजार लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कोटपा अधिनियम 2003 का सख्ती से पालन कराने विशेष अभियान चलाया गया। हर साल 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ लोगों को जागरूक करना है। पुलिस अफसरों की बैठक लेते हुए एसपी।


