भास्कर न्यूज़| मझिआंव मझिआंव नगर पंचायत के वार्ड नं 02 स्थित ऊचरी गांव में विद्यालय के समीप तालाब में अपनी चचेरी बहन रिंकी (19वर्ष)को डूबने से बचाने के लिए गये भाई आकाश कुमार (18वर्ष)की डूबने से मौत हो गई। जबकि परिजनों द्वारा लड़की को बचा लिया गया।ग्रामीण सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को दोपहर 1:00 बजे राजू राम की लड़की रिंकी कुमारी अपने घर में हुए विवाद व डांट से गुस्सा होकर बोली की मैं तालाब में डूब कर मर जाऊंगी। इसके बाद वह तालाब में डूबने के लिए दौड़ पड़ी। और उसके पीछे-पीछे घर के परिजन भी उसे बचाने के लिए दौड़े।इसी बीच रिंकी का चचेरा भाई उदय राम का पुत्र आकाश कुमार जो बिजली का तार ठीक कर रहा था दौड़ पड़ा और तालाब में तालाब में कूदकर रिकी को बचाने की कोशिश की।स्थानीय लोगों के अनुसार रिंकी ने आकाश को पानी में ही जोर से धक्का दे दिया और वह गहरे पानी में चला गया। जबकि अन्य लोगों ने साड़ी लेकर तालाब में कूदे और रिंकी को ऊपर खींच कर बचाने में कामयाब हो गए,लेकिन आकाश गहरे पानी में बैठ गया। बताया जाता है कि आकाश को पानी में तैरने नहीं आता था जिसके कारण वह अपना बचाव नहीं कर सका। इधर काफी देर तक झगड़ डालकर उसे निकाला गया और हॉस्पिटल लाया गया।जहां चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक शव का पंचनामा कर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजने की तैयारी चल रही थी। घटना के बाद मृतक को देखने के लिए कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार, अंचल पदाधिकारी प्रमोद कुमार एवं निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी रेफरल अस्पताल पहुंची ,और शव को देखने के बाद अंचल पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने आपदा राहत कोश से चार लाख रुपये मृतक के आश्रित को दिलाने का वायदा किया।


