कुकदूर| छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की कुकदूर शाखा में एक सप्ताह से लेन-देन ठप है। खाताधारक परेशान हैं। बैंक प्रबंधक ध्यान नहीं दे रहे। सर्वर समस्या का हवाला देकर हितग्राहियों को बैरंग लौटाया जा रहा है। स्व सहायता समूह, आंगनबाड़ी और ग्राम पंचायतों का पैसा अटका हुआ है। इससे कई योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। पंडरिया ब्लॉक के कुकदूर में स्थित इस शाखा में वनांचल की कई ग्राम पंचायतों, महिला स्व सहायता समूहों, संस्थाओं और व्यक्तियों के खाते संचालित हैं। कई महिला समूह स्कूल में मध्याह्न भोजन का संचालन करते हैं। लेकिन पिछले एक सप्ताह से बैंक से पैसा नहीं निकल पा रहा। बिरहुलडीह ग्राम पंचायत के सचिव गंगाराम टांडिया ने बताया कि उनका खाता इसी शाखा में है। कई आवासों की राशि लंबित है। शासन द्वारा समय सीमा में आवास निर्माण का दबाव है। लेकिन बैंक से पैसा नहीं मिल रहा। वे एक सप्ताह से रोज बैंक के चक्कर काट रहे हैं। हर दिन उन्हें कल आने को कहा जा रहा है। पैसा नहीं मिला तो मध्याह्न भोजन बंद हो जाएगा: स्व सहायता समूह संचालन समिति के सदस्य के पति तिलगाम ने बताया कि मध्याह्न भोजन की राशि निकालने बैंक जा रहे हैं। लेकिन बैंक पैसा नहीं दे रहा। किराना दुकानदारों का भुगतान नहीं हो पा रहा। दुकानदार अब सामान देने से मना कर रहे हैं। जल्द पैसा नहीं मिला तो मध्याह्न भोजन बंद हो जाएगा।


