परिणीति ने एनिमल छोड़ी या डायरेक्टर ने किया था बाहर?:एक्ट्रेस बोलीं- फिल्म छोड़ने का पछतावा नहीं, भगवान ने मेरे लिए कुछ और लिखा था

रणबीर कपूर की फिल्म एनिमल हिट साबित हुई थी। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म के लिए संदीप रेड्डी वांगा की पहली पसंद रश्मिका नहीं, बल्कि परिणीति चोपड़ा थीं। अब हाल ही में परिणीति ने बताया कि उन्होंने चमकीला फिल्म के लिए एनिमल को मना कर दिया था। जबकि एक इंटरव्यू में संदीप रेड्डी वांगा ने यह कहा था कि उन्होंने परिणीति को फिल्म से बाहर किया था और इसके लिए उनसे माफी भी मांगी थी। एनिमल की डेट में चमकीला ऑफर हो गई थी- परिणीति
परिणीति चोपड़ा और उनके पति राघव चड्ढा हाल ही में आपकी अदालत में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने रजत शर्मा से बातचीत में कहा, ‘मुझे एनिमल फिल्म में रश्मिका मंदाना का रोल खोने का कोई पछतावा नहीं है। मैं सच कहूं तो मुझे लगता है कि भगवान ने मेरे लिए कुछ अच्छा ही सोचा था। मैं उस फिल्म (एनिमल) को कर रही थी और सब कुछ तय हो चुका था, लेकिन उसी समय मुझे चमकीला फिल्म का ऑफर मिला। दोनों की डेट भी सेम थी।’ परिणीति ने कहा, ‘मुझे कई गाने के ऑफर मिले थे। मुझे एआर रहमान के साथ भी काम करने का मौका मिला था। इतना ही नहीं, मुझे और भी कई अच्छे मौके मिले। लेकिन, इम्तियाज अली मेरे ड्रीम डायरेक्टर हैं, तो जब मुझे इतना कुछ करने को मिल रहा था, तो मैंने एनिमल के बजाय चमकीला को चुना।’ परिणीति ने आगे कहा, ‘मैं मानती हूं कि जो प्यार, सपोर्ट, पहचान और सम्मान मुझे इस फिल्म से मिला, उससे मुझे कोई पछतावा नहीं है। मैं बहुत खुश हूं।’ राघव चड्ढा ने बताया कि फिल्म चमकीला ने उनके रिश्ते को काफी मजबूत किया। उन्होंने कहा, ‘जब परिणीति भारत लौटीं, तो वह फिल्म की शूटिंग के लिए सीधे पंजाब आईं। इससे हमें अक्सर मिलने का मौका मिला, जिससे हमारा रिश्ता और मजबूत हुआ। गुरुद्वारा चमकौर साहिब जाना उनके रिश्ते को और गहरा बनाता है।’ डायरेक्टर वांगा बोले- मुझे परिणीति में गीतांजलि नजर नहीं आई
कोमल नहाटा को दिए एक इंटरव्यू में संदीप ने बताया, ‘मैं हमेशा से परिणीति चोपड़ा के साथ काम करना चाहता था। मुझे उनकी एक्टिंग बहुत पसंद है, इसलिए मैंने उन्हें एनिमल की शूटिंग शुरू होने से डेढ़ साल पहले ही कास्ट कर लिया था। लेकिन शूटिंग से कुछ दिनों पहले मुझे लगा कि वे गीतांजलि के किरदार में फिट नहीं बैठतीं। कुछ किरदार कुछ लोगों को सूट नहीं करते, इसलिए मैंने फिल्म की शूटिंग शुरू होने से कुछ दिन पहले ही परिणीति को रिप्लेस कर दिया था। इसके लिए मैंने उनसे माफी भी मांगी थी।’ साल 2023 में आई थी एनिमल
रणबीर कपूर स्टारर फिल्म एनिमल 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई थी, जबकि चमकीला फिल्म इसी साल ओटीटी पर रिलीज हुई थी। इस फिल्म में परिणीति के अलावा पंजाबी सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ भी नजर आए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *