वाराणसी में सपा नेता के होटल में पनीर की जगह चिकन परोस दिया। खाते वक्त पीस हार्ड लगा तो होटल में रुके लोगों ने वेटर को बुलाकर दिखाया। पूछा कि यह क्या है? जवाब में वेटर ने कहा कि ये तो चिकन है। मैनेजर भी हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगने लगा, लेकिन उन्होंने पुलिस को बुला ली। पुलिस ने किसी तरह से समझाकर मामला शांत कराया। होटल अद्रिका में रुकने वाले 9 लोग कंपनी की मीटिंग के लिए वाराणसी आए थे। इन लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। होटल सपा नेता और पूर्व मेयर प्रत्याशी ओपी सिंह का है। मार्च 2024 में वाराणसी डेवलपमेंट अथॉरिटी ने नक्शा पास न होने के आरोप में होटल को सील भी किया था। पनीर के साथ निकला चिकन का पीस
ओम प्रकाश जायसवाल ने बताया- हम 9 लोग बुधवार रात शिवपुर स्थित होटल अद्रिका में रुके थे, जिसमें से 4 वेजिटेरियन और 5 नॉन वेजीटेरियन थे। नॉन वेजीटेरियन ने बाहर से ऑर्डर कर नॉनवेज मंगवाया। हमने होटल के ही रेस्टोरेंट में खाने का प्लान बनाया। रात 10 बजे हम लोग होटल के रेस्टोरेंट में पहुंचे। पनीर लबाबदार का ऑर्डर किया। ओम प्रकाश ने बताया- खाने के दौरान एक पीस थोड़ा हार्ड लगा। मैंने उसे प्लेट से बाहर निकाला। हमने वेटर को बुलाकर उससे चेक करवाया। उसने कहा- हां सर चिकन है। हमने होटल मैनेजर विनय यादव को बुलाया। उनसे भी पीस को चेक करवाया। उन्होंने भी देखकर बताया कि चिकन है और माफी मांगने लगे। किचन में चल रहा था खेल
ओम प्रकाश ने बताया- हमने इस पर हंगामा नहीं किया, लेकिन जब हमने होटल का किचन दिखाने को कहा तो वो आनाकानी करने लगे। हम लोग किचन में पहुंचे तो वहां पता चला ये कढ़ाई में चिकन और पनीर दोनों फ्राई कर रहे हैं। ऐसे में वेजीटेरियंस को पाप का भागी बना रहे हैं। महाकुंभ के पहले काशी में ऐसा होना धर्म आस्था पर ठेस है। पुलिस और प्रशासन को चाहिए कि कुंभ के शुरू होने के पहले काशी के सभी होटल के किचन को चेक करें। मैनेजर बोले-स्टाफ पर कार्रवाई करेंगे
होटल मैनेजर विनय यादव ने बताया-स्टाफ की गलती से दूसरे का ऑर्डर टेबल पर पहुंच गया। रेस्टोरेंट इंचार्ज ने गलती स्वीकार कर माफी मांगी। उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। थाना प्रभारी बोले- नहीं मिली शिकायत
शिवपुर थाने के प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया-किसी भी प्रकार की तहरीर नहीं दी गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, कंपनी की इमेज की वजह से ऐसा किया गया है।
————————- ये भी पढ़ें : संभल में 5वें दिन मिली लालरंग की फर्श और झरोखे: बावड़ी का ASI टीम ने 4 घंटे किया सर्वे, सुरंग में घुसकर की कार्बन डेटिंग संभल में खुदाई के दौरान मिली प्राचीन बावड़ी का ASI ने बुधवार को सर्वे किया। बावड़ी और सुरंग की कार्बन डेटिंग की। इस दौरान टीम को मिट्टी के नीचे लाल रंग के पत्थर की एक फर्श और झरोखों जैसी कलाकृतियां दिखीं। दीवारों कीे दरख्तों दवार के फोटो और वीडियो बनाए। वहीं 5वें दिन भी बावड़ी की खुदाई जारी है। बावड़ी को नुकसान न हो इसलिए अब जेसीबी से खुदाई रुकवा दी गई है। मजदूर ही काम करेंगे। ASI की टीम सुबह 10:15 बजे चंदौसी के लक्ष्मणगंज पहुंची। दोपहर में 1:08 मिनट पर बावड़ी का सर्वे करके लौट गई। टीम ने मोबाइल और कैमरों की फ्लैश लाइट व टॉर्च जलाकर करीब 4 घंटे तक बावड़ी के अंदर बारीकी से जांच-पड़ताल की। इस दौरान बावड़ी के अंदर मिट्टी के नीचे एक पक्की फर्श सामने आई, जो लाल रंग के पत्थर से बनी हुई थी। सर्वे टीम के जाने के बाद फिर खुदाई का काम शुरू हुआ। पढ़िए पूरी खबर…


