मामूली बात पर दो पड़ोसियों में झगड़ा, फायर किया:घटना में एक महिला और पुरुष गंभीर रूप से घायल, कार के अंदर झांकने को लेकर हुआ विवाद

मुरैना के जौरा कस्बे की सिकरवार कॉलोनी में बुधवार देर रात पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झगड़े में एक पक्ष द्वारा फायरिंग किए जाने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। पुरुष की हालत चिंताजनक होने के चलते उसे दिल्ली रेफर किया गया है, जबकि महिला का इलाज ग्वालियर में चल रहा है। घटना रात करीब 11:30 बजे की है, जब दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद झगड़ा बढ़ गया। बता दें कि सिकरौदा गांव के सरपंच तेज सिंह सिकरवार, उनके भाई रविंद्र सिंह सिकरवार और उनकी भाभी रेनू सिकरवार, सिकरवार कॉलोनी में रहते हैं। उनके ठीक सामने खिड़ौरा गांव के शैलू सिकरवार और गुड्डू सिकरवार का परिवार रहता है। बुधवार रात, तेज सिंह सिकरवार कार से घर आ रहा था। इस दौरान शैलू और गुड्डू सिकरवार ने उनकी कार को रोक लिया और झांकने लगे। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो जल्द ही हाथापाई और फायरिंग तक पहुंच गई। फायरिंग से देवर-भाभी गंभीर घायल फायरिंग में तेज सिंह सिकरवार और उनकी भाभी रेनू सिकरवार गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है और रेनू के पैर में गहरी चोट लगी है। प्राथमिक इलाज के बाद रेनू को ग्वालियर और तेज सिंह को गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया गया। वाहनों में की तोड़फोड़ इस झगड़े के दौरान आरोपियों ने सिकरवार परिवार की एक कार, एक जीप और बाइक को भी नुकसान पहुंचाया। घटनास्थल से पुलिस को कई खाली कारतूस के खोखे भी बरामद हुए। थाना प्रभारी का बयान थाना प्रभारी उदय भान सिंह यादव ने बताया, “दोनों पक्षों के मकान आमने-सामने हैं। मामूली विवाद में झगड़ा बढ़ा और एक पक्ष ने दूसरे पर हवाई फायर किए। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मामले में छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *