सरगुजा जिले के चठिरमा में कार सवार युवकों ने एक व्यवसायी के घर पर पेट्रोल बम फेंका और भाग निकले। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। तड़के करीब चार बजे कार में सवार दो युवक घर के बाहर आकर रुके और पेट्रोल बम फेंककर भाग निकले। हमले के बाद से परिवार दहशत में हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, चठिरमा निवासी व्यवसायी संजीत कुमार व्यापारी का अंबिकापुर-बनारस मुख्यमार्ग में दुकान है और इससे ही अटैच उनका घर है। संजीत का परिवार रात को घर में सो रहा था। तड़के करीब चार बजे धमाके की आवाज से उनकी नींद खुली। परिवार के लोग बाहर आए तो घर में रखा सोफा जल रहा था। उन्होंने आग बुझाई। CTV में कैद हुई घटना
संजीत के घर पर लगे CCTV कैमरे में कार सवार युवक पेट्रोल पंप फेंकते हुए कैद हुए हैं। कार सवार तड़के करीब 4 बजे घर के बाहर आकर रूके। उन्होंने पेट्रोल बम में आग लगाकर संजीत के घर फेंका। धमाका होने के बाद कार सवार दोनों युवक भाग निकले। घटना की रिपोर्ट गांधीनगर थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले में धारा 326(जी) के तहत अपराध दर्ज किया है। थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी कार सवारों के शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। किराना दुकान में लगाई आग, आधा सामान जला
वहीं एक अन्य घटना में शहर के अग्रसेन वार्ड में स्थित मां सर्वेश्वरी जनरल स्टोर्स में अज्ञात लोगों ने डीजल डालकर आग लगा दी। आगजनी में दुकान में रखा सामान जल गया है। घटना से व्यवसायी को हजारों की क्षति हुई है। दुकान के आसपास लगे सीसी कैमरों की जांच में एक संदिग्ध महिला दुकान की ओर जाती दिख रही है। महिला से उनका विवाद भी हुआ था। संचालक ने इसकी शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है।


