रेसलर विनेश फोगाट मां बनीं, बेटे को जन्म दिया:7 साल पहले हुई थी शादी; ज्यादा वजन से पेरिस ओलिंपिक से बाहर हुईं, फिर संन्यास लिया

हरियाणा की रेसलर और जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट मां बन गई हैं। उन्होंने मंगलवार सुबह 9 बजे दिल्ली के अपोलो अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। विनेश को कल शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विनेश के ससुर राजपाल राठी ने बताया कि ऑपरेशन के जरिए डिलीवरी हुई है। फिलहाल, मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। विनेश की शादी 7 साल पहले पहलवान सोमवीर राठी से हुई थी। विनेश फोगाट ने 6 मार्च 2025 को अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए की थी। उन्होंने पति सोमवीर राठी के साथ एक फोटो शेयर करते हुए लिखा था, “ऑवर लव स्टोरी कंटिन्यू विद न्यू चैप्टर (एक नए अध्याय के साथ हमारी प्रेम कहानी जारी है)।” पोस्ट में उन्होंने बच्चे के पैरों के निशान और प्यार का प्रतीक भी शेयर किया था। विनेश की प्रेग्नेंसी को लेकर पोस्ट… विनेश फोगाट ने बताई थी पति सोमवीर राठी से लव स्टोरी… विनेश ने सोमवीर संग 8 फेरे लिए थे
दोनों खिलाड़ियों ने 14 दिसंबर 2018 को शादी की थी। हिंदू रीति-रिवाज से देखें तो शादी में 7 फेरे लिए जाते हैं, लेकिन विनेश और सोमवीर ने 8 फेरे लिए थे। आठवां फेरा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी खिलाओ की शपथ पर खत्म हुआ था, इसलिए उनकी शादी काफी अलग रही थी। पेरिस ओलिंपिक से डिसक्वालिफाई हुईं तो संन्यास लिया
विनेश फोगाट ने 2024 में पेरिस ओलिंपिक में भाग लिया था। वहां विनेश ने 50 किग्रा वेट कैटेगरी में 6 अगस्त 2024 को एक ही दिन में 3 मैच खेले थे। प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने टोक्यो ओलिंपिक की चैंपियन यूई सुसाकी को हरा दिया। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने यूक्रेन और सेमीफाइनल में क्यूबा की रेसलर को पटखनी दी। विनेश फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला रेसलर बनी थीं। फाइनल खेलने से पहले वजन की जांच की गई तो उनका वजन ज्यादा निकला। उन्हें 15 मिनट मिले, लेकिन आखिरी बार वजन में भी वह 100 ग्राम अधिक निकलीं। इसके बाद उन्हें अयोग्य करार दे दिया गया। विनेश फोगाट ने 8 अगस्त को कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। कांग्रेस में शामिल हुईं, पहला चुनाव जीत MLA बनीं
पेरिस ओलिंपिक से लौटने के बाद विनेश फोगाट के समर्थन में दिल्ली एयरपोर्ट से उनके पैतृक गांव बलाली तक रोड शो निकाला गया। जहां सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा भी उनके साथ रहे। इसके बाद वह पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्‌डा से मिलीं। फिर विनेश की मुलाकात राहुल गांधी से हुई। इसके बाद विनेश ने पहलवान बजरंग पूनिया संग मिलकर कांग्रेस जॉइन कर ली। इसके बाद कांग्रेस ने विनेश को उनके ससुराल जींद के जुलाना से 2024 का चुनाव लड़वाया। यहां विनेश फोगाट ने भाजपा के योगेश बैरागी को 6015 वोटों से हरा दिया। विनेश फोगाट को 65,080 वोट मिले थे जबकि दूसरे नंबर पर रहे, भाजपा के कैप्टन योगेश बैरागी को 59,065 वोट मिल पाए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *