154 कर्मियों को एक साल से वेतन नहीं मिला, जवाहर नगर कैंप में सफाई मुलाजिमों ने कूड़ा सड़क पर फेंका

भास्कर न्यूज | लुधियाना नगर निगम के कच्चे कर्मचारियों ने एक साल से वेतन न मिलने के विरोध में मंगलवार को जवाहर नगर कैंप इलाके में सड़क पर कूड़ा फेंककर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आम आदमी पार्टी सरकार और निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले एक साल से उन्हें वेतन नहीं मिल रहा, जबकि वे लगातार काम कर रहे हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे गौरव कुमार ने बताया कि 154 कर्मचारी वेतन को लेकर दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों के परिवार आर्थिक संकट में हैं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वे विधायक और राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा से भी मिले थे। वहां से आश्वासन तो मिला लेकिन ज़मीनी स्तर पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। गौरव कुमार ने आरोप लगाया कि निगम अधिकारी सिर्फ गुमराह कर रहे हैं, खुद लाखों का वेतन लेते हैं, लेकिन कच्चे कर्मचारियों को 10 हजार रुपए वेतन भी समय पर नहीं मिलता। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द वेतन जारी नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन और सरकार की होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *