भास्कर न्यूज | अमृतसर आप विधायक कुंवर विजय प्रताप को सस्पेंड किए जाने के बाद क्या अब अकेले पड़ जाएंगे। चूंकि आप की टिकट से चुनाव लड़कर नॉर्थ हलका की सीट पर जीत हासिल की थी। ऐसे में दूसरी पार्टी ज्वाइन करने के लिए असेंबली से इस्तीफा देना होगा। जिसके बाद पार्टी से मेंबरशिप भी खत्म हो जाएगी और दोबारा से इलेक्शन कराना होगा। ईमानदार छवि के कारण विधायक कुंवर की नॉर्थ हलका में मजबूत पकड़ बनी हुई है। ऐसे में आप को यह फैसला लेना आगामी विस चुनाव 2027 में महंगा साबित हो सकता है। हालांकि राजनीति में कुछ भी जायज है, वाली बात सामने आती है। यदि पार्टी हाईकमान चाहे तो अपने शर्तों पर पार्टी में सस्पेंशन खत्म भी कर सकती है। फिलहाल, नॉर्थ हलका के आगमी चुनाव को लेकर भविष्य पर गौर करें तो आप के ही नेता और ट्रस्ट के चेयरमैन रिंटू पहले ही डवलपमेंट कामों को लेकर एक्टिव हैं। वह इसी विस हलके से पहले चुनाव भी लड़ चुके हैं। इस संबंध में संपर्क करने पर कुंवर विजय प्रताप सिंह ने कहा कि कर्मजीत रिंटू पिछले 3 महीनों से एक्टिव हैं। इससे ज्यादा वह अभी इस मामले में कोई और टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं। दूसरी ओर रिंटू की बात की जाए, तो सरकार ने उन्हें नार्थ हलके में युद्ध नशे विरूद्ध, शिक्षा क्रांति और अन्य विकास कार्यों की बागडोर सौंप रखी है। जिम्मेदारी के मिलने के बाद रिंटू लगातार रैलियां, नुक्कड़ मीटिंगें और अन्य कार्यक्रम करने में सरगर्म हो चुके हैं। सियासी सूत्रों का मानना है कि यदि पार्टी की ओर से कुंवर विजय प्रताप सिंह की सस्पेंशन समाप्त नहीं की जाती या फिर कुंवर खुद पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे देते हैं, तो इस हलके से आप की टिकट के लिए रिंटू प्रबल दावेदार हो सकते हैं।


