बिलासपुर जिले के कोटा ब्लॉक के खोंगसरा स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में ज्यादातर टीचर गायब मिले। वहीं, 200 से अधिक दर्ज संख्या वाले स्कूल में महज दर्जन भर बच्चे मौजूद रहे। प्राचार्य ने इन बच्चों को पढ़ाने के बजाय उन्हें स्कूल से भगा दिया और छुट्टी कर दी। इसी दौरान जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) स्कूल पहुंच गए। जांच में पता चला कि जो शिक्षक गायब हैं, उनका बिना आवेदन के उपस्थिति पंजी में सीएल चढ़ा दिया गया है। इस अनुशासनहीनता को लेकर डीईओ ने प्राचार्य सहित 9 शिक्षकों को नोटिस जारी किया है। दरअसल, बीते 15 जून से स्कूल खुल गए हैं और छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने शिक्षा विभाग के अफसरों को स्कूलों का निरीक्षण कर लापरवाह शिक्षकों पर नकेल कसने का फरमान जारी किया है। जिला शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी लगातार स्कूलों का जायजा लेने पहुंच रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कोटा ब्लॉक के खोंगसरा स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल का निरीक्षण किया। स्कूल में प्राचार्य की लापरवाही आई सामने इस स्कूल के निरीक्षण में भारी अव्यवस्था पाई गई। करीब 200 दर्ज संख्या वाले स्कूल में केवल 10-12 बच्चे उपस्थित मिले। प्राचार्य ने इन बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनकी छुट्टी कर दी और उन्हें घर जाने को कह दिया। तभी जिला शिक्षा अधिकारी तिवारी पहुंच गए। पूछताछ करने पर प्राचार्य गोलमोल जवाब देते रहे। जांच में पता चला कि प्राचार्य ने बिना आवेदन पत्र के गैरहाजिर 4 शिक्षकों की उपस्थिति पंजी में सीएल चढ़ा दिया था। आवेदन पत्र मांगने पर बगलें झांकने लगे। वहीं, बाकी के टीचर भी गप्पे हांकते मिले, जिस पर डीईओ तिवारी ने कड़ी नाराजगी जताई। अनुशासनहीनता पर प्राचार्य समेत 9 टीचर को नोटिस जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता और लापरवाही बरतने पर प्राचार्य सहित 9 शिक्षक और कर्मचारी को शो काज नोटिस जारी किया है। वहीं, बिना आवेदन पत्र के गैरहाजिर शिक्षकों में लेक्चरर एम मीणा, सविता गांगुली, व्यायाम निदेशक डॉ. किरण सरावगी और एक कर्मचारी डीके चतुर्वेदी शामिल हैं। स्कूल में अभी तक न तो टाइम टेबल जारी किया गया है और न ही पाठ्यक्रम पंजी बनाई गई है।


