झारखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य के दक्षिण-पूर्वी, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ वज्रपात की भी आशंका है। विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण-पूर्वी झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी हिस्सों के पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार, पलामू और गढ़वा जिलों में भी बारिश के आसार हैं। वहीं उत्तर-पूर्वी जिलों जैसे साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, गोड्डा और जामताड़ा में बिजली चमकने, गर्जन और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। 24 घंटे में पलामू में हुई सर्वाधिक बारिश मौसम विज्ञान केंद्र रांची की रिपोर्ट बता रही है कि बीते 24 घंटे में राज्य के कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश पलामू में 71.0 मिमी रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रांची में 29.8 मिमी, जमशेदपुर में 21.5 मिमी, बोकारो में 28.8 मिमी और डालटनगंज में 24.0 मिमी बारिश हुई। आगामी दिनों में भी मौसम इसी तरह बना रहेगा। 3 से 5 जुलाई तक राज्य में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। 6 और 7 जुलाई को भी कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने किसानों और आम जनता को मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी है। 31 दिन में हुई सामान्य से 174.1 मिमी अधिक बारिश झारखंड में एक जून से एक जुलाई 2025 तक औसत से 88% अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में राज्य में कुल 371.9 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 197.8 मिमी मानी जाती है। यह सामान्य से 174.1 मिमी अधिक है। सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम में 650.3 मिमी हुई, जो सामान्य से 168% ज्यादा है। वहीं रांची में 642.1 मिमी, गढ़वा में 477.3 मिमी, लातेहार में 406.1 मिमी और सिमडेगा में 380.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इन सभी जिलों में बारिश का प्रतिशत सामान्य से कहीं अधिक रहा। दूसरी ओर कुछ जिलों में सामान्य के आसपास या उससे कम बारिश हुई है। जैसे गिरिडीह में 133.6 मिमी बारिश हुई जो सामान्य से 34% कम है। इसी तरह जामताड़ा और साहेबगंज में भी बारिश की मात्रा सामान्य से कम रही। 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा पारा मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने वाला है। जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।
पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, रांची, खूंटी, गुमला और सरायकेला में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री के बीच रह सकता है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। वहीं पलामू, लातेहार, चतरा और गढ़वा जैसे जिलों में तापमान 33°C तक रह सकता है। दक्षिणी और मध्य झारखंड में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है।


