जिले के पुलिस वायरलेस सिस्टम में बदलाव:एनालॉग से डिजिटल में बदला, सभी थानों का एक दूसरे से हुआ कनेक्शन

धौलपुर जिले में अभी तक एनालॉग सिस्टम पर चल रहे वायरलेस सिस्टम को बदल दिया गया है। वायरलेस सिस्टम एनालॉग से डिजिटल में बदल जाने के बाद सभी थानों की गाड़ियों का एक दूसरे से संपर्क आसानी से हो जाएगा। वायरलेस सिस्टम को बदलने के लिए टीम पिछले एक सप्ताह से काम कर रही थी। धौलपुर कंट्रोल रूम प्रभारी सब इंस्पेक्टर भाग्यशाली मीणा ने बताया कि अभी तक धौलपुर का वायरलेस सिस्टम एनालॉग प्रणाली से चल रहा था, जिसमें सर्कल के थानों का ही आपस में संवाद हो सकता था। जिसमें आवाज भी स्पष्ट समझ में नहीं आती थी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर आठ जिलों को हाईटेक किया गया है, जिसमें धौलपुर जिला भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एनालॉग से डिजिटल सिस्टम में बदले जाने के लिए जिले में एक 100 फुट और एक डेढ़ सौ फीट का टावर लगाया गया है। इसके अलावा सभी थानों पर 32 फीट के टावर लगाए गए हैं, जिससे एक थाने की दूसरे थाने से कनेक्टिविटी आसानी से हो जाएगी। कंट्रोल रूम प्रभारी ने बताया कि जिले के सभी थानों के साथ सभी अधिकारियों और पुलिस के वाहनों में नए सिस्टम को लगा दिया गया है, जिसके बाद पूरे जिले में पुलिस की कनेक्टिविटी और भी आसान हो गई है। नए सिस्टम के बाद प्रत्येक गाड़ी को जीपीएस से कनेक्ट कर दिया गया है, जिससे उनकी लोकेशन कंट्रोल रूम को तुरंत प्राप्त हो जाएगी। जिले में नए सिस्टम को सिखाने के लिए तीन इंजीनियर को भी बुलाया गया है, जो प्रत्येक वायरलेस सिस्टम पर जाकर प्रशिक्षण दे रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *