पाकिस्तानी ड्रोन हमले में घायल लखविंदर की मौत:इसी हमले में पत्नी की भी जान गई, CM ने की थी 5 लाख मदद की घोषणा

पाकिस्तान सीमा से सटे पंजाब के फिरोजपुर जिले में पाकिस्तानी ड्रोन हमले में घायल हुए लखविंदर सिंह (55) ने आखिरकार लुधियाना के DMC अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे पहले 9 मई की रात उनके घर पर पाकिस्तानी ड्रोन गिरा था, जिससे उनके परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए थे। लुधियाना के डॉक्टरों के मुताबिक, गांव खाई फेमे की रहने वाली सुखविंदर कौर, जो लखविंदर सिंह की पत्नी थीं, 100 फीसदी तक जल चुकी थीं और कुछ दिनों बाद ही उनकी मौत हो गई थी। वहीं लखविंदर सिंह करीब 70 प्रतिशत तक जल गए थे, जिनकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। लखविंदर सिंह का आज फिरोजपुर में अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस हादसे ने बॉर्डर इलाके के लोगों में गहरा खौफ और गुस्सा पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग लगातार सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए पूरा मामला..
9 मई को घर पर पाकिस्तानी ड्रोन गिरा: 7 मई को भारत की ओर से ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की ओर से सीमा पर गोलीबारी की गई और ड्रोन व मिसाइलों से हमले किए। इसी दौरान पंजाब में पाकिस्तान की सीमा से सटे जिले फिरोजपुर के गांव खाई फेमे के एक घर पर पाकिस्तानी ड्रोन गिरा। मकान की छत में छेद हुआ, आग लगी:
यह घर लखविंदर सिंह का था। ड्रोन गिरने से मकान की छत में छेद हो गया। इसके बाद ड्रोन कार पर गिरा था, जिससे आग भड़क गई। इसमें लखविंदर सिंह, उनकी पत्नी सुखविंदर कौर और बेटा जसवंत सिंह बुरी तरह झुलस गए। सरकारी अस्पताल में इलाज नहीं मिला:
हादसे में आंगन में खड़े पशु भी आग की चपेट में आ गए। इसके बाद पड़ोसियों ने घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां बर्न यूनिट नहीं थी, इसलिए घायलों को अनिल बागी अस्पताल ले जाया गया। निजी अस्पताल ने एडवांस में रुपए मांगे:
यहां घायलों के इलाज से पहले ही डॉक्टर ने 40 हजार रुपए जमा करने के लिए बोला। परिवार के सदस्यों का उपचार जरूरी था, इसलिए तीमारदारों ने रिश्तेदारों से मांगकर पैसे इकट्ठे किए और अस्पताल को दिए। पंजाब सरकार के मंत्रियों ने दौरा किया :
हादसे के बाद अगले दिन पंजाब सरकार के मंत्रियों ने अस्पताल का दौरा किया। पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां 10 मई को फिरोजपुर पहुंचे और घायलों से मुलाकात की और ऐलान किया कि इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। लुधियाना के DMC रेफर किया गया : इसके बाद घायल पति-पत्नी को गंभीर हालत के चलते पंजाब के डीएमसी अस्पताल में रेफर कर दिया था। इसके बाद भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ सहित कई नेताओं ने DMC अस्पताल का दौरा किया था। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने परिवार को 5 लाख रुपए देने की घोषणा भी की थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *