हजारीबाग जिले के प्रसिद्ध पिकनिक स्थल बरदपिछरवा जलप्रपात में एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान दारू प्रखंड के हरली गांव निवासी आर्यन कुमार के रूप में हुई है। आर्यन हजारीबाग शहर के एक लॉज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था, जिससे पूरे परिवार की उम्मीदें जुड़ी थीं। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था जानकारी के अनुसार आर्यन अपने छह दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने बरदपिछरवा गया था। सभी छात्र जलप्रपात में नहा रहे थे, इसी दौरान आर्यन का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और बहाव के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। कुछ छात्र डर के कारण वहां से भाग गए, जबकि स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीन छात्रों को पकड़ा गया और पुलिस के हवाले किया गया। सूचना मिलते ही चरही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया गया। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद निकला शव करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय ग्रामीण हेमलाल महतो ने आर्यन के शव को पानी से बाहर निकाला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां चीख-पुकार मच गई। मृतक के चाचा सुनील कुमार प्रजापति ने हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


