परनामी बोले-प्रदेश सरकार की 50 फीसदी से ज्यादा घोषणा पूरी:पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ने कहा- हर क्षेत्र में बीजेपी ने किया काम; पेपरलीक माफियाओं पर भी कार्रवाई की

राज्य सरकार के एक साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को अजमेर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी और देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा सहित अन्य भाजपा नेता शामिल हुए। इस मौके पर परनामी ने सरकार के एक साल पूरे होने को बेमिसाल बताया और पूर्व कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा- भाजपा ने हमेशा जवाबदेही सरकार देने का वादा निभाया है। चुनाव में जारी संकल्प-पत्र के जरिए प्रदेश का विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। 50 फीसदी से ज्यादा घोषणाएं पूरी हो चुकी है जबकि शेष घोषणाएं तेजी से क्रियान्वित हो रही है। पानी और बिजली की समस्याओं को दूर करने की दिशा में बड़े कदम उठाए गए हैं। सरकार ने अपना हर वादा पूरा किया परनामी ने कहा- पेपर लीक की घटनाएं पूरी तरह बंद हो चुकी है और बेरोजगारों के लिए किया वादा पूरा किया जा रहा है। पूर्व सरकार में कई भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए लेकिन कार्रवाई किसी पर नहीं हुई थी। भाजपा की सरकार आते ही छोटे और बड़े पेपरलीक माफिया पर कार्रवाई की गई है। भाजपा सरकार की ओर से 6 भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया लेकिन अभी तक किसी भी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ है। परनामी ने कहा- आर्थिक रूप से समृद्ध राजस्थान के लिए राइजिंग राजस्थान समिट का आयोजन किया गया। इसकी नींव पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यकाल में रिसर्जेंट राजस्थान के तहत रखी गई थी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पहले ही साल में इसका आयोजन कर प्रदेश के विकास को रोड मैप तैयार किया है। राज्य में सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के लिए नई-नई योजनाएं शुरू की गई है। औद्योगिक विकास की दिशा में भी प्रदेश में व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कई नई योजनाएं लागू की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *