छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा नारायणपुर के अबूझमाड़ में स्थित इरकभट्टी गांव पहुंचे। इसी इलाके के नजदीक ही जवानों ने नक्सलियों के महासचिव बसवाराजू का एनकाउंटर किया था। विजय शर्मा ने यहां जन चौपाल लगाई। ग्रामीणों से मुलाकात की। गांव में CSC सेंटर खोलने का वादा किया। साथ ही जवानों और बच्चों से भी मिले। विजय शर्मा ने ग्रामीणों से कहा कि, किसी के भी झांसे में नहीं आना है। उनका इशारा नक्सलियों की तरफ था। गांव में सरकार की तरफ से जो भी कार्य किए जा रहे हैं उन कार्यों को पूर्ण करने में सहयोग दीजिए। गृहमंत्री ने गांव की जनसंख्या और गांव में निवास करने वाले परिवारों की जानकारी ली। गांव में खुलेगा CSC सेंटर उन्होंने गांव की महिलाओं से कहा कि, आप लोगों को महतारी वंदन की राशि निकालने के लिए नारायणपुर जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। अब चिंता न करें, आपके गांव में ही CSC सेंटर खोला जाएगा। जिससे गांव में ही पैसे मिल जाएंगे। विजय शर्मा ने कहा कि, इरकभट्टी में पुलिस कैंप स्थापित होने से ग्रामीण विरोध कर रहे थे। लेकिन आज की स्थिति में कैंप के माध्यम से गांव के बीमार व्यक्तियों का निःशुल्क इलाज किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में मानसिक रूप से परिवर्तन देखने को मिल रहा है। निश्चित ही नियद नेल्लानार योजनांतर्गत क्षेत्र के सभी गांवों का इरकभट्टी जैसा विकास किया जाएगा। महिलाओं ने की राइस मिल खोलने की मांग चौपाल में शामिल हुई महिलाओं ने गृहमंत्री से गांव में राइस मिल खोलने की मांग की है। विजय शर्मा ने महिलाओं को आश्वस्त किया है कि घर में हाथ से कूटकर बनाए गए चावल को पैकेजिंग कर उचित दामों में बेचने के लिए व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास को बनाने के साथ-साथ शौचालय भी बनाने के लिए अपील की। वन मंत्री बोले- गांव का होगा विकास गृहमंत्री विजय शर्मा के साथ स्थानीय विधायक और छत्तीसगढ के वन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि, क्षेत्र में सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के विकास में सहयोग मिलेगा। जिससे राज्य सरकार की योजनाओं को गांवों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। जिससे क्षेत्र का विकास और तेजी से होगा। तालाब निर्माण, प्रधानमंत्री आवास, प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए उपस्थित ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कच्चापाल को जिले के मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा। ग्राम पंचायत कच्चापाल के युवाओं को राजधानी रायपुर भ्रमण कराने का आश्वासन दिया।


