मोहाली नगर निगम ने बिना मंजूरी चल रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। नगर निगम कमिश्नर टी बेनिथ के नेतृत्व में यह अभियान गांव मातौर और कुम्भड़ा सहित नगर निगम सीमा के भीतर स्थित अन्य गांवों में चलाया गया। अभियान में जॉइंट कमिश्नर, असिस्टेंट कमिश्नर, म्यूनिसिपल टाउन प्लानर और सभी टाउन प्लानिंग अधिकारी शामिल रहे। कमिश्नर टी बेनिथ ने जानकारी दी कि बिना मंजूरी चल रहे निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि भवन निरीक्षकों सहित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि गांवों में हो रहे अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यह कार्रवाई सप्ताहांत और छुट्टियों पर भी जारी रहेगी। कमिश्नर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी निर्माण को मंजूरी के बिना शुरू न होने दिया जाए। यदि कोई अवैध निर्माण पाया जाता है तो तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, किसी भी अधिकारी द्वारा लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


