रायपुर-अंबिकापुर और बिलासपुर फ्लाइट की टिकट महंगी हुई:बेस फेयर 1999 से 5999 रुपए तक हुआ, सेवाएं और बुकिंग भी नियमित नहीं

रायपुर-अंबिकापुर और बिलासपुर की फ्लाइट सप्ताह में 3 दिन के लिए शुरू की गई है। लेकिन इसकी सेवाएं और बुकिंग अभी नियमित नहीं हो पाई है। फ्लाइट का किराया 999 रुपए निर्धारित किए जाने का दावा किया गया था, लेकिन अब टिकट महंगी कर 1999 से 5999 रुपए तक कर दी गई है। सरगुजा से हवाई सेवाओं का शुभारंभ रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया था। फ्लाइट का संचालन करने वाली फ्लाई बिग कंपनी ने अपनी वेबसाइट से टिकटों की बुकिंग करवा रही है। फिलहाल यह सेवा गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध है। फ्लाईबिग की सेवा रायपुर-अंबिकापुर, अंबिकापुर-बिलासपुर, बिलासपुर-अंबिकापुर और अंबिकापुर-रायपुर के लिए संचालित है। 999 रुपए के बेस फेयर में नहीं हैं सीटें हवाई सेवा का शुरुआती किराया 999 रुपए होने का दावा किया गया था। इस कीमत पर शुभारंभ के बाद दो दिनों तक टिकटों की बुकिंग 999 रुपए के बेस फेयर पर की गई। अब फ्लाइट की कीमतें कंपनी ने बढ़ा दी है। नजदीकी दिनों की फ्लाइट का बेस फेयर 1999 रुपए ऑफर किया जा रहा है। वहीं कम सीटें बचने पर बेस फेयर 4999 रुपए से लेकर 5999 रुपए तक कंपनी ऑफर कर रही हैं। एक महीने बाद की टिकटों की शुरुआती कीमत 999 रुपए ऑफर की जा रही हैं। नियमित नहीं हो पा रही फ्लाइट फ्लाईबिग की वर्तमान में संचालित की जा रही फ्लाइट्स निर्धारित नहीं हैं। वे काफी देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। कंपनी की वेबसाइट पर शनिवार के लिए रायपुर से अंबिकापुर सेवा की बुकिंग हो रही है, लेकिन अंबिकापुर से बिलासपुर और अंबिकापुर से रायपुर की बुकिंग का ऑप्शन उपलब्ध नहीं है। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि इसे दुरुस्त किया जा रहा है। अंबिकापुर से बिलासपुर के लिए नहीं मिल रहे यात्री फ्लाईबिग कंपनी के लिए अंबिकापुर से बिलासपुर और बिलासपुर से अंबिकापुर हवाई सेवाओं का संचालन घाटे का सौदा साबित हो रहा है। इस रूट के लिए यात्री नहीं मिल रहे हैं। शुरुआती दिनों में फ्लाइट कोड जनरेट नहीं होने के कारण टिकट बुकिंग नहीं होने से यात्री नहीं मिले। अब अंबिकापुर-बिलासपुर और बिलासपुर-अंबिकापुर की टिकट भी 1999 रुपए से शुरू हो रही है। इस कारण इस रूट पर यात्रा करने के लिए लोगों में उत्साह नहीं है। नियमित सेवा जरूरी, रेट भी अधिक रखना उचित नहीं पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि, अंबिकापुर से नियमित हवाई सेवा शुरू करने के साथ ही इसे वाराणसी से जोड़े जाने की जरूरत है, जिससे इसका लाभ लोगों को मिल सके। निजी कंपनी होने के चलते कंपनी के रेट फ्लोटिंग होते हैं। सरकार कुछ सब्सिडी भी दे रही है। अधिक किराया नागरिकों के लिए दुखदायी होगा। रायपुर से अंबिकापुर होकर वाराणसी तक 72 सीटर विमान का नियमित संचालन किए जाने की जरूरत है। ……………………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… 999 रुपए में हवाई यात्रा कल से: रायपुर, अंबिकापुर और बिलासपुर के लिए सप्ताह में 3 दिन फ्लाइट; शेड्यूल जारी छत्तीसगढ़ के तीन शहरों के बीच कल से 999 रुपए में हवाई सफर की शुरुआत होगी। रायपुर से अंबिकापुर और बिलासपुर के लिए सप्ताह में तीन दिन गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को फ्लाइट मिलेगी। फ्लाई बिग एयरलाइंस कंपनी ने फ्लाइट्स का शेड्यूल जारी कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *