फर्जी तरीके से कराई दसवीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा:फ्लाइंग टीम ने पकड़ा निजी स्कूल का फर्जीवाड़ा, उत्तर पुस्तिकाएं की जब्त

8वीं तक मान्यता प्राप्त स्कूल फर्जी तरीके से 10वीं क्लास की अर्द्धवार्षिक परीक्षा करा रहा था। स्कूल प्रबंधन ने रजिस्टर में भी फर्जी तरीके से क्लास 9 और 10 के लिए बच्चों को नामांकन कर रखा था। मौके पर पहुंची फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने उत्तर पुस्तिकाएं जब्त कर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी है। मामला बूंदी जिले के नैनवां ब्लॉक के समीधी गांव के एक निजी स्कूल का है। नैनवां के ब्लॉक शिक्षाधिकारी व राज्य स्तरीय समान परीक्षा उड़नदस्ता प्रभारी अनिल गोयल ने जांच रिपोर्ट में लिखा कि मंगलवार को द्वितीय पारी में ब्लॉक के समीधी में संचालित एक निजी स्कूल मां भारती उच्च प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण किया। स्कूल की मान्यता उच्च प्राथमिक स्कूल स्तर तक ही है, लेकिन स्कूल में राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना के अंतर्गत कक्षा दसवीं के चार विद्यार्थी परीक्षा देते पाए गए। मौजूद परीक्षार्थियों ने बताया कि उन्होंने ने दसवीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 2024-25 के सभी विषयों की परीक्षा इसी स्कूल में दी है। कक्षा 9वीं के अन्य विद्यार्थियों ने भी सभी विषयों की परीक्षा इसी स्कूल से दी है। उड़न दस्ते द्वारा कक्षा 9 व 10 के विद्यार्थियों का उपस्थिति रजिस्टर, स्टाफ उपस्थिति रजिस्टर, कक्षा दस की परीक्षा दे रहे 4 विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं मौके पर जब्त की गई। जिनके रोल नबर 1015, 1016, 1019, 1033 है। स्कूल में उपस्थित शिक्षकों जितेंद्र कुमार व मुकेश मीणा ने बताया कि स्कूल के संचालक सलीम मोहम्मद व प्रिंसिपल संजय नागर है। दोनों ही निरीक्षण के समय उपस्थित नहीं मिले। वहां, उपस्थित कार्मिकों से पूछने पर बताया गया कि प्रश्न पत्र उनियारा (टोंक) के किसी निजी स्कूल द्वारा उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। स्कूल के खिलाफ होगी कार्रवाई
मुख्य जिला शिक्षाधिकारी डॉ. महावीर कुमार शर्मा ने बताया कि स्कूल प्रबंधन द्वारा बाहर से पेपर मंगवाकर परीक्षा ली जा रही थी। स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामला उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन के लिए भेजा है। टोंक से लाए गए थे प्रश्न पत्र
स्कूल का संचालक व प्रिंसिपल स्कूल से गायब थे। फ्लाइंग टीम को स्टाफ ने बताया कि प्रश्नपत्र टोंक जिले के उनियारा के किसी निजी स्कूल द्वारा उपलब्ध करवाए गए हैं। एक शिक्षक द्वारा उड़नदस्ते की कार्रवाई को मोबाइल में रिकॉर्ड किया जाने लगा तो उड़न दस्ते ने शिक्षक के मोबाइल को भी जब्त कर लिया। प्रभारी अनिल गोयल का कहना है कि प्रकरण की जांच के बाद रिपोर्ट कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भेज दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *