अवैध नकली ब्रांडेड विदेशी शराब झारखंड के अलावा बिहार तक होती थी सप्लाई उत्पाद विभाग ने शुक्रवार को टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के महिलौंग में छापेमारी की। छापेमारी में उत्पाद विभाग की टीम ने 500 पेटी नकली अवैध शराब जब्त की है। जब्त नकली शराब की बाजार में कीमत 50 लाख रुपए बताई जा रही है। जिसे बाजार में सप्लाई करने की तैयारी थी। उत्पाद विभाग की टीम ने इस नकली शराब के कारोबार चलाने वाले माफिया अभिषेक कुमार और राहुल कुमार को गिरफ्तार किया है। उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना थी कि महिलौंग में एक आलीशान घर में अवैध नकली विदेशी ब्रांडेड शराब तैयार की जा रही है। इसके बाद शुक्रवार को दिन के तीन बजे उत्पाद की टीम ने वहां छापेमारी की। घर के अंदर का माहौल देखकर उत्पाद विभाग की टीम भी भौंचक रह गई। बड़े-बड़े बैग में तैयार विदेशी नकली शराब भरकर रखे हुए थे। जिनकी सप्लाई रांची व आसपास के अलावा बिहार में करने की तैयारी थी। घरों में चोरी-छिपे विदेशी शराब तैयार की जा रही है, इस खबर को दैनिक भास्कर ने 26 जून को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसमें बताया था कि रांची जिले में 161 शराब माफियाओं को चिह्नित किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त 10 दिन पहले ही छूटा था जेल से शुक्रवार को गिरफ्तार अभियुक्त राहुल कुमार के बारे में उत्पाद की टीम को जानकारी मिली कि वह हाल में अवैध शराब तैयार करने के मामले में ही जेल गया था। 10 दिन पहले ही वह जेल से बाहर आया था। जिसके बाद उसने फिर से अवैध नकली शराब बनाने का काम शुरू किया था। क्योंकि इस धंधे में मोटी कमाई होती है। उसने बताया कि कम लागत में अधिक मुनाफे का यह धंधा है। इसलिए वे लोग जेल जाने के बाद भी दोबारा यही काम करने लगते हैं। उत्पाद की टीम ने जब छापेमारी की तो वहां से 1000 रुपए में बिकने वाली विदेशी शराब की तैयार बोतलें मिलीं। गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि बाजार में इनकी मांग सबसे अधिक है। आसानी से इनको रांची व आसपास के ढाबों व होटलों में खपाया जाता है। ब्रांडेड विदेशी शराब के स्टीकर व ढक्कन भी आसानी से मिल जाते हैं। शराब की बोतल तैयार करने के बाद उस पर ये लोग नकली होलोग्राम भी चिपकाते थे। एक बोतल शराब तैयार करने में मात्र 60 से 80 रुपए खर्च आता था। जिसे ये दुकान व ढाबों में 600 से 800 रुपए में और बिहार में यही शराब 1200 रुपए में पहुंचा कर बेची जाती थी। 26 जून: भास्कर ने खुलासा किया था घरों में बन रही शराब। गिरफ्तार अभिषेक और राहुल। 1000 रु. में बिकने वाली विदेशी शराब मिली नकली शराब पीकर मर चुके हैं डोरंडा में 22 लोग डोरंडा में नकली शराब पीकर 2018 में 22 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद भी नकली शराब का कारोबार थम नहीं रहा, लगातार बढ़ ही रहा है। नकली शराब कांड में गिरफ्तार प्रह्लाद सिंघानिया को उम्र कैद की सजा भी हो चुकी है।