झारखंड में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। अगले 72 घंटों तक राज्य में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। आज यानी शनिवार को 7 जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जबकि 7 जुलाई तक राज्य में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। आज और कल इन जिलों पर रहेगा ज्यादा असर मौसम विभाग के अनुसार, आज गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 6 जुलाई को रांची में भारी बारिश की आशंका है। इसके अलावा, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भी इसी दिन भारी बारिश हो सकती है। गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में तो बहुत भारी बारिश की संभावना है। जिसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 7 जुलाई तक अलर्ट, उत्तरी हिस्सों में अधिक प्रभाव राज्य में 10 जुलाई तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 7 जुलाई को सिमडेगा, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में भारी बारिश की चेतावनी के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिनों में रांची समेत झारखंड के उत्तरी हिस्सों, खासकर संथाल परगना, उत्तर छोटानागपुर और कोल्हान प्रमंडल के जिलों में बारिश का असर ज्यादा रहेगा। हालांकि, 7 जुलाई की शाम से राज्य में मानसून की सक्रियता कुछ कम हो सकती है। अब तक सामान्य से 75% अधिक बारिश मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से अब तक राज्य में 395 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य वर्षा के अनुपात (226.3 मिमी) से 75% अधिक है। राजधानी रांची में तो स्थिति और भी चौंकाने वाली है, यहां अब तक 651.2 मिमी बारिश हो चुकी है। जबकि सामान्य वर्षा का अनुपात 235 मिमी है। इसका मतलब है कि रांची में सामान्य से 177% अधिक बारिश हुई है, जो राज्य में सबसे अधिक है। पिछले 24 घंटे में मानसून रहा है सक्रिय पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मानसून सक्रिय रहा। धनबाद के पुटकी में सर्वाधिक 60.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा, बोकारो में 30 मिमी, दुमका में 25.2 मिमी, जमशेदपुर में 18.9 मिमी, राजमहल में 18.2 मिमी और गुमला में 16.4 मिमी समेत कई अन्य जगहों पर हल्की बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम चल रहा है। रांची का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पलामू का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सर्वाधिक है।