पलामू के मेदिनीनगर-पांकी मेन रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक घटना हुई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है, जो लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के परशुरामखाप गांव का निवासी था। यह हादसा उस वक्त हुआ जब पंकज कुमार मेदिनीनगर हेड पोस्ट ऑफिस में फोर्थ ग्रेड की नौकरी का फॉर्म भरकर अपने घर लौट रहा था। परिजनों को रात करीब 9 बजे इस दुखद घटना की सूचना मिली। पंकज मेदिनीनगर से लेस्लीगंज की ओर जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि पंकज का हेलमेट पूरी तरह से फट गया और सिर कुचलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बाइक और ट्रक किया जब्त घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को जब्त कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक मृतक पंकज कुमार अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता राज मिस्त्री हैं। पंकज की शादी दो साल पहले ही हुई थी और उसका एक 8 महीने का मासूम बच्चा भी है। इस घटना के बाद परिवार सहित पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।


