जामवाल की क्लास में पहुंचे नेता:क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नेताओं से बोले- भाजपा के पक्ष में माहौल, थोड़ी और मेहनत करिए

भाजपा के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” पर एक वर्कशॉप हुई। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने नेताओं को आगे कैसे काम करना है, किन बातों पर ज्यादा फोकस करना है इसके बारे में बताया। उन्होंने वर्कशॉप में कहा- आज देश और प्रदेश में भाजपा के अनुकूल वातावरण है, अत: हम इस संकल्पना को साकार करने में कोई कसर न छोड़ें। जामवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और कार्यक्रमों ने जनता का भरोसा पार्टी के प्रति बढ़ाया है। और मेहनत की जरूरत: जामवाल उन्होंने कहा कि इस माहौल को बनाए रखने और जनता के भरोसे को और मजबूत करने के लिए भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को और मेहनत करने की आवश्यकता है ताकि यह देश और भाजपा के प्रति विश्वास और मजबूत हो। जामवाल ने कहा कि जनता-जनार्दन समस्याओं का अध्ययन और निराकरण सही ढंग से हो, देश के सर्वांगीण विकास का विजन स्पष्टता के साथ लोगों तक पहुंचे। यह आवश्यक है ताकि देश का विकास किया जा सके और कठिनाइयों को दूर किया जा सके। भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल ने कहा कि “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” भारत सरकार की एक पहल है, जिसका उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच आपसी समझ और सांस्कृतिक एकीकरण को बढ़ावा देना है। यह कार्यक्रम 2015 में शुरू किया गया था। यह कार्यक्रम सभी स्कूलों में एक वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव के रूप में आयोजित किया जाता है। “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” कार्यक्रम के तहत, प्रत्येक राज्य को किसी अन्य राज्य के साथ जोड़ा जाता है ताकि वे एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा, भोजन, त्योहारों, पर्यटन आदि के बारे में जान सकें और उनका अनुभव कर सकें। टीम भावना से करें काम – पवन साय भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यशाला को संबोधित करते कहा कि हमें टीम बनाकर कार्य करना है। हमें सभी प्रदेश के वैभव और गौरव को बढ़ावा देना है। यज्ञ का लाभ प्रकृति के साथ-साथ सभी जीवों को मिलता है। उसी तरह गौरवशाली इतिहास को जोड़कर आगे बढ़ाना है और इस देश को हमें आत्मनिर्भर बनाना है। सुशील सिंह बोले – पिछड़े जिलों को चाहिए डबल इंजन सरकार पूर्व सांसद सुशील सिंह ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि 115 जिलों का चयन किया गया है जो विकास के मामले में बहुत पीछे हैं। अब इसी सोच के साथ बिहार के विकास की बात है और बिहार का विकास तभी संभव है, जब वहां डबल इंजन की सरकार रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के लोग देश के विभिन्न हिस्सों में, विभिन्न प्रांतों में विभिन्न शहरों में रहते हैं, ऐसा व्यावहारिक रूप में हम लोगों ने देखा। लेकिन, यह कम प्रतिशत है और इसलिए यह अभियान सफल बनाने के लिए आज यह महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *