छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सिहावा-नगरी मार्ग पर पूजा राइस मिल के पास एक विशालकाय पेड़ अचानक गिर गया। 4 जुलाई की शाम इस हादसे में बिजली के तार टूट गए और चावल से लदा एक ट्रक क्षतिग्रस्त हुआ है। हालांकि ट्रक ड्राइवर बाल-बाल बच गया। पेड़ गिरने से रास्ता करीब आधे घंटे तक बाधित रहा। इस दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई। बारिश के कारण पेड़ का वजन अधिक होने से यह बिना किसी तूफान या तेज हवा के ही गिर गया। पेड़ गिरने से सड़क पर बिजली के तार भी टूट गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पेड़ के नीचे से गुजर रहे थे राहगीर यातायात पुलिस को सूचना मिलने पर वह तुरंत मौके पर पहुंची और वाहनों की आवाजाही सुचारू करने में जुट गई। छोटे वाहनों के लिए थोड़ा रास्ता खुला था, जिससे वे निकल पा रहे थे। कुछ दुपहिया वाहन चालक जोखिम लेकर गिरे हुए पेड़ के नीचे से गुजर रहे थे। चावल लोड करने जा रहा था ट्रक ट्रक ड्राइवर ने बताया कि वह राइस मिल में चावल लोड करने जा रहा था। जैसे ही ट्रक वहां पहुंचा, तभी पेड़ गिर गया जिससे ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सौभाग्य से बिजली के तारों में करंट नहीं था, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी।


