भीलवाड़ा शहर में के गोलप्याऊ क्षेत्र में मुख्य डाकघर के पास स्थित श्रीसंकटमोचन हनुमान मंदिर में रविवार 29 दिसम्बर को पोषबड़ा महोत्सव होगा। आयोजन मंदिर के महंत बाबूगिरी महाराज के सान्निध्य में किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी महावीर प्रसाद अग्रवाल ने बताया- इस अवसर पर हनुमानजी को विशेष चोला चढ़ाया जाएगा। शाम 6.15 बजे आरती के बाद भोग लगाकर प्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किया जाएगा। पोषबड़ा महोत्सव के तहत 501 चना-मूंग की दाल के आलू बड़े व पकौड़े बनाए जाएंगे। आरती के बाद भोग लगाकर इनका प्रसाद वितरित होगा। हर वर्ष पोषबड़ा महोत्सव में प्रसाद पाने के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालु उमड़ते रहे हैं। गौरतलब है कि संकटमोचन हनुमान मंदिर पर प्रतिवर्ष हनुमान जयंती, जन्माष्टमी, अन्नकूट, शरद पूर्णिमा आदि अवसरों पर होने वाले आयोजनों में श्रद्धालु आते हैं।


