रणथंभौर में की गई गाइड भर्ती को लेकर अब विरोध-प्रदर्शन भी देखने को मिल रहा है। सैनी विकास संस्थान जिला शाखा ने भर्ती में वनाधिकारियों पर धांधली के आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। जिसके बाद सीसीएफ अनूप के आर को प्रधान मुख्य वन संरक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। सैनी विकास संस्थान के जिलाध्यक्ष राजेश सैनी ने बताया कि वन विभाग द्वारा हाल ही में रणथंभौर में गाइड भर्ती की गई है। इसके अंतर्गत स्थानीय वनाधिकारियों द्वारा मनमाने तरीके से अभ्यर्थियों का चयन कर जाति विशेष के लोगों का चयन कर लिया है और सैनी समाज के लोगों के मैरिट में होने के बावजूद उन्हें चयन सूची से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने वनाधिकारियों पर गाइड भर्ती में पूरी तरह धांधली करने का आरोप लगाते हुए गाइड भर्ती को निरस्त करने की मांग की है। साथ ही गाइड भर्ती में सैनी समाज के अभ्यर्थियों के साथ हुई नाइंसाफी को लेकर न्याय दिलाने की मांग की है। इस दौरान सैनी समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष सचिन सैनी ने कहा कि समाज के प्रतिनिधिमंडल की ओर से समाज की आवाज को वनाधिकारियों तक पहुंचा दिया गया। भर्ती को निरस्त नहीं करने पर समाज की ओर से आंदोलन किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी वन विभाग की होगी।


