राजधानी रांची के राष्ट्रीय खिलाड़ी देवपूजन ठाकुर का चयन चौथे वर्ल्ड बीच कप इंटरनेशनल वुडबॉल चैंपियनशिप 2025 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। देवपूजन ठाकुर झारखंड से एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्हें इस टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। वुडबॉल एसोसिएशन की ओर से चयनित खिलाड़ियों का नाम जारी कर दिया गया है। यह टूर्नामेंट 8 से 12 सितंबर तक रायोंग थाईलैंड में आयोजित होगा। देवपूजन ठाकुर सहित 12 खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयनित खिलाड़ियों में छत्तीसगढ़ से दीपक कुमार अग्रवाल और अक्षय दुबे, गुजरात से यशराज जडेजा और भावेश गालंगा, महाराष्ट्र से तनिष्क कदम और दिव्य दुमादिया, मध्य प्रदेश से आर्यन मिश्रा, राजवीर दरबार, प्रशांत मीना, हरियाणा से आयुष और गोवा से गौरेश चोपड़ा का नाम शामिल हैं। आर्थिक समस्या के कारण झारखंड के खिलाड़ी आगे खेल नहीं पाते हैं देवपूजन ठाकुर, रांची जिले के कांके प्रखंड स्थित सुकुरहुटू गांव के निवासी हैं। साधारण परिवार से आते हैं। पिता लगन लाल ठाकुर प्राइवेट नौकरी करते हैं। माता लीलावती देवी दूसरों के खेतों में काम करती हैं। देवपूजन ठाकुर वर्ष 2012 से वुडबॉल खेल से जुड़े हुए हैं। साथ ही कला के क्षेत्र से भी जुड़े हैं। देवपूजन ने कहा कि मैं इस सम्मान को अपने राज्य और देश को समर्पित करता हूं। हम जैसे खिलाड़ियों के पास आर्थिक समस्या इतनी है कि हम आगे तक नहीं खेल पाते हैं। अगर हमारे लिए विधायक, सांसद और सरकार कोई उचित कदम उठाए तो झारखंड के बच्चे किसी से कम नहीं हैं। आज बड़े-बड़े प्रतिभावान खिलाड़ी मजदूरी या कुछ अलग काम करने को मजबूर हैं। एक इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए करीब 2 से 2.5 लाख का खर्चा आता है।


