बलौदाबाजार जिले के पलारी ब्लॉक स्थित मोहान रेत घाट पर प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की है। खनिज विभाग की टीम ने रेत से भरे तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। टीम ने नदी में बनाए गए अवैध रैंप को भी जेसीबी से तोड़ दिया है। मोहान रेत घाट पर पिछले कुछ समय से बड़े पैमाने पर अवैध रेत खनन और परिवहन हो रहा था। स्थानीय लोगों ने सरपंच पति गोपाल धुव्र पर इस काम में संलिप्त होने का आरोप लगाया था। कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। दैनिक भास्कर द्वारा मामले को उजागर करने के बाद प्रशासन हरकत में आया। टीम ने रेत लदे तीन ट्रैक्टरों को पकड़ा खनिज विभाग की टीम सुबह मोहान रेत घाट पहुंची। टीम ने रेत लदे तीन ट्रैक्टरों को पकड़ा। इन्हें गिधपुरी थाने में रखा गया है। नदी में रेत परिवहन के लिए बनाए गए अवैध रैंप को जेसीबी से तोड़ दिया गया है। एसडीएम दीपक निकुंज ने बताया कि अवैध रेत खनन की सूचना मिलते ही कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


