बलौदाबाजार जिले में आज सुबह से हल्की बारिश का दौर जारी है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने 6 जुलाई को कोरबा, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और बलौदाबाजार 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम के इस बदलाव ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया है। कई मजदूरों ने काम पर जाने से परहेज किया है। उन्हें चिंता है कि तेज बारिश में न तो काम कर पाएंगे और न ही आसानी से घर लौट सकेंगे। ग्रामीण इलाकों में किसानों को खरीफ की फसल के लिए अच्छी बारिश की उम्मीद है। शहरी क्षेत्रों में लोगों ने बारिश के आसार देखकर घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद कर लिए हैं। गर्मी से राहत मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले कुछ घंटों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। बारिश के कारण बाजारों में भीड़ कम नजर आ रही है। जिले के लोग मौसम के इस बदलाव का आनंद लेते हुए सावधानी बरत रहे हैं। भारी बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने आज (रविवार) को कोरबा, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और बलौदाबाजार में भारी बारिश का अनुमान जताया है। इन 5 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। इसके अलावा रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, बेमेतरा, बालोद सहित 17 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट है।


