महासमुंद | अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग के द्वारा लगातार अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई की जा रही है। इससे रेत माफियाओं के परेशान नजर आ रहे है। शनिवार को खनिज विभाग की संयुक्त टीम के द्वारा महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम मोहकम में रेत का अवैध परिवहन करते 5 हाइवा वाहन को जब्त किया। सभी वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ तुमगांव थाना में खड़ा किया गया है। खनिज अधिकारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि उक्त वाहनों पर कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। इस प्रकरण में 2 से 5 वर्षों की सजा का प्रावधान है और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफ आई आर दर्ज कर न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया जाएगा।


