10 घंटे की बारिश में सरगुजा तरबतर, कालोनी-नीचली बस्तियां लबालब:सड़कों के साथ घरों में घुटने भर पानी, नदी-नाले उफान पर, गागर में गिरा ट्रक

सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में बीती रात हुई रिकार्ड बारिश से शहर के पॉश कालोनी से लेकर नीचली बस्तियों में पानी भर गया। अंबिकापुर के पॉश कालोनी कुंडला-वसुंधरा सिटी में घुटने भर से अधिक पानी सड़कों सहित घरों में जमा हो गया। इससे कार एवं अन्य वाहनों में पानी घुस गया। नीचली बस्तियों में घरों में घुटने भर पानी घरों के अंदर घुस गया। अंबिकापुर में रात 8.30 बजे से शुरू हुई झमाझम बारिश सुबह 7 बजे तक चली। इस दौरान अंबिकापुर में 172.8 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है। अंबिकापुर सहित पूरे जिले में बादल जमकर बरसे। 10.30 घंटों में रिकार्ड बारिश से पूरे जिले में नदी-नाले उफान पर हैं। बांकी नदी में सालों बाद बाढ़ की स्थिति बनी है। मौसम विभाग ने अगले 10 दिनों तक सरगुजा में भारी बारिश का पूर्वानुमान दिया है। सड़कें लबालब, घरों में घुसा पानी
रिकार्ड बारिश के बाद अंबिकापुर के पॉश कालोनी कुंडला-वसुंधरा सिटी में घुटने भर से अधिक पानी भर गया। पानी लोगों के घरों की नीचली मंजिल में जमा हो गया। इससे ग्राउंड फ्लोर पर रखे सामान डूबने लगे। लोगों को पहली मंजिल पर जाना पड़ा। कालोनी की सड़कों पर दो से लेकर तीन फुट तक पानी जमा हो गया। इस कारण कारें एवं पार्किंग में खड़ी गाड़ियां भी पानी में आधी डूबी रहीं। शहर की नीचली बस्तियों में घरों में पानी घुस गया। घरों के अंदर घुटने भर पानी घुसने से रात को ही लोगों को अपना सामान हटाना पड़ा। घरों में पानी घुसने से नीचे रखे सामान गीले हो गए। घुटरापारा में भी सड़क से लेकर घरों में पानी लबालब भर गया। लोगों ने पूरी रात जागकर बिताई। सांसद, महापौर सड़क पर उतरे
बारिश के बाद भारत माता चौक सहित अन्य स्थानों पर रिंगरोड में भी पानी जमा हो गया। नेशनल हाईवे 43 में पानी जमा होने से जाम की स्थिति बन गई। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज स्वयं सड़क पर वाहनों का रास्ता क्लियर कराते नजर आए।
शहर के कई मोहल्लों एवं पॉश कालोनियों में पानी भरने की सूचना मिलने पर महापौर मंजूषा भगत भी कालोनियों में पहुंची एवं स्थिति का जायजा लिया। कुंडला सिटी में जेसीबी से मिट्टी हटाकर पानी निकाला जा रहा है। नदी-नाले उफान पर, गागर में गिरा ट्रक
10 घंटे की लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। शहर सीमा से होकर गुजरे बांकी नदी में सालों बाद बाढ़ की स्थिति बन गई है। नेशनल हाइवे 343 में झमाझम बारिश के बीच किराना सामान लेकर अंबिकापुर से कुसमी जा रहा मिनी ट्रक अंबिकापुर-राजपुर मुख्यमार्ग पर गागर नदी के पुल के नीचे गिर गया। ट्रक के चालक एवं खलासी ने कूदकर जान बचाई। लगातार होगी झमाझम बारिश
मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र एवं आसपास में लो प्रेशर का नया सिस्टम बन रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश हो सकती है। उधर मौसम विभाग ने रविवार को पूरे सरगुजा संभाग में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *