संजू त्रिपाठी हत्याकांड का मुख्य शूटर गिरफ्तार:3 साल से फरार विनय द्विवेदी को वाराणसी में पकड़ा, एक लाख में की थी हत्या

बिलासपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश एसटीएफ की मदद से संजू त्रिपाठी हत्याकांड के मुख्य शूटर विनय कुमार द्विवेदी को वाराणसी से गिरफ्तार किया है। विनय को शुक्रवार की रात फतेहपुर मोड़ पर वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, विनय उर्फ बासू उर्फ गुरुजी चित्रकूट जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के चमरौहा गांव का रहने वाला है। उसने पूछताछ में बताया कि एक लाख रुपए में संजू त्रिपाठी की हत्या की थी। इस मामले में अब तक 21 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। विनय के पास से 315 बोर का देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 200 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस को शक है कि वह वाराणसी में किसी वारदात को अंजाम देने आया था। विनय ने बताया कि वह प्रतापगढ़ के एक लाख के इनामी अपराधी एजाज के बुलावे पर वाराणसी आया था। विनय के खिलाफ बिलासपुर के सकरी के अलावा बिहार, नोएडा और वाराणसी में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस को उम्मीद है कि विनय की गिरफ्तारी से मामले की जांच को नई दिशा मिलेगी। ऐसे पकड़ाया शूटर शूटर विनय उर्फ गुरुजी को पकड़ने के लिए बिलासपुर पुलिस नेटवर्क तैयार कर चुकी थी। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ की फील्ड यूनिट की मदद से बिलासपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में उसे कपसेठी से बड़ागांव की ओर पैदल जाते हुए देखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वो भागने लगा तब घेरेबंदी कर उसे पकड़ा गया। 2022 में हुई थी संजू त्रिपाठी की सनसनीखेज हत्या संजू त्रिपाठी की हत्या दिसंबर 2022 में सकरी बायपास के पास गोली मारकर की गई थी। इस हत्याकांड की प्रारंभिक जांच में संजू के परिवार के ही कुछ सदस्यों का लिप्त होना पाया गया। इनमें प्रमुख रूप से मृतक का भाई कपिल त्रिपाठी, पिता जयनारायण त्रिपाठी, पत्नी सुचित्रा त्रिपाठी, मुंह बोली बहन कल्याणी, जीजा भरत तिवारी शामिल हैं। पुलिस ने वारदात के बाद सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कपिल त्रिपाठी और उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं अरसे से फरार चल रहे शूटर दानिश अंसारी, पप्पू दाढ़ी और प्रसून गुप्ता को भी पकड़ा जा चुका है। जबकि एजाज उर्फ सोनू अब भी फरार है। 21 आरोपी गिरफ्तार हो चुके संजू त्रिपाठी हत्याकांड में अब तक 21 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों में आशीष तिवारी, रवि तिवारी, प्रेम श्रीवास, सुमित निर्मलकर, अमन गुप्ता, राजेंद्र सिंह ठाकुर, केदार सिंह, सावन पाठक, अभिषेक मिश्रा, ताबिज अंसारी और अन्य शामिल हैं। हत्याकांड के सह-आरोपी रवि सिंह को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। कोर्ट को रवि ने बताया कि उसे हत्या की कोई जानकारी नहीं थी। वह केवल रायपुर जाने के लिए साथ में निकला था। नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी वाराणसी के बड़ागांव थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह और एसटीएफ के एसआई शहजाद खान को मुखबिर से विनय उर्फ गुरूजी के बारे में सूचना मिली थी। कपसेठी से पैदल आ रहे विनय को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने एजाज उर्फ सोनू से मिलने वाराणसी आने की बात कबूल की। वह नेपाल भागने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। संजू त्रिपाठी की हत्या जमीन और पैसों के विवाद के चलते कराई गई थी। आरोप है कि संजू के भाई कपिल त्रिपाठी, पिता जयनारायण और अन्य परिजनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। कपिल ने बाहर से शूटर बुलाए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *